मध्य प्रदेश के सभी शहरी क्षेत्रों में 60 घंटे का टोटल लॉकडाउन, शुक्रवार शाम से सोमवार सुबह तक रहेगी पूर्ण बंदी
कोरोना संक्रमण की स्थिति के मद्देनजर सीएम शिवराज का बड़ा बयान, पूरे मध्य प्रदेश के सभी शहरी क्षेत्रों में शनिवार, रविवार रहेगा टोटल लॉकडाउन

भोपाल। मध्य प्रदेश में पिछले 24 घंटे में चार हजार से ज्यादा कोरोना मरीज मिलने के बाद सरकार एक बार फिर सख्ती करने की तैयारी में हैं। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने ऐलान किया है कि प्रदेश से सभी छोटे बड़े शहरों में आगामी शनिवार और रविवार को टोटल लॉकडाउन रहेगा। यह लॉकडाउन शुक्रवार शाम 6 बजे से सोमवार सुबह 6 बजे तक होगा। शुक्रवार शाम 6 से सोमवार के सुबह 6 बजे तक 60 घंटे तक प्रदेश के शहरों में पूर्ण बंदी रहेगी।
पूरे मध्य प्रदेश के सभी शहरी क्षेत्रों में शुक्रवार को शाम 6 बजे से शनिवार, रविवार और सोमवार के सुबह 6 बजे तक लॉकडाउन रहेगा। हम बड़े शहरों में कंटेनमेंट क्षेत्र भी बना रहे हैं। उसे भी बंद किया जाएगा। मेरी मंशा कभी भी लॉकडाउन की नहीं रही है: मध्य प्रदेश के सीएम शिवराज सिंह चौहान pic.twitter.com/unh9ZkngNs
— ANI_HindiNews (@AHindinews) April 8, 2021
मुख्यमंत्री ने साफ किया है कि उनकी मंशा कभी भी लॉकडाउन की नहीं रही है। लेकिन लोगों की सुरक्षा के लिए सरकार को कड़े कदम उठाने पड़ रहे हैं। मध्यप्रदेश में पिछले 24 घंटे में 4,043 नए कोरोना पॉजिटिव मरीज मिले हैं। जिसके बाद प्रदेश का पॉजिटिविटी रेट 12 फीसदी हो गया है। कोरोना की दूसरी लहर में अब तक 4086 लोगों की मौत हो चुकी है। सबसे ज्यादा मामले इंदौर, भोपाल में मिले हैं।
बुधवार हो एक आदेश जारी कर प्रदेश के शहरी क्षेत्रों में नाइट कर्फ्यू लगाने का ऐलान किया गया था। लेकिन अब दो दिन की टोटल लॉकडाउन करने की फैसला लिया गया है। बता दें कि छिंदवाड़ा में गुरुवार से 7 दिनों के लॉकडाउन पहले ही लिया जा चुका है। प्रदेश के सभी शहरी क्षेत्रों में वीकेंड पर टोटल लॉकडाउन किया जा रहा है। वहीं सभी शहरों में गुरुवार से रोजाना रात 10 बजे से सुबह 6 बजे तक नाइट कर्फ्यू रहेगा।