विदिशा में दो संदिग्ध विदेशी नागरिक गिरफ्तार, कई देशों की मुद्रा और ईरानी पासपोर्ट बरामद, जांच में जुटी पुलिस

मध्य प्रदेश के विदिशा में दो संदिग्ध विदेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया गया है, गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने जानकारी दी है कि उन्हें हिंदी अथवा इंग्लिश भाषा नहीं आती है, ये अरबी और रूसी भाषा बोल रहे हैं

Updated: Aug 02, 2022, 08:55 AM IST

विदिशा। मध्य प्रदेश के विदिशा जिले से दो संदिग्ध विदेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया गया है। गृह मंत्री डॉ नरोत्तम मिश्रा ने इस बात की जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि विदिशा के सिरोंज से दोनों विदेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया गया है। फिलहाल पुलिस छानबीन में जुटी हुई है।

गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने बताया कि दोनों में से किसी को भी हिंदी अथवा अंग्रेजी समझ नहीं आता। वे अरबी अथवा रूसी भाषा बोल रहे हैं। इसलिए पूछताछ में दिक्कतें आ रही है। मौके पर ट्रांसलेटर्स को बुलाया गया है ताकि उनसे पूछताछ की जा सके।

मिश्रा के मुताबिक उनके पास से अमेरिकन डॉलर, यूरो, ईरानी मुद्रा और भारतीय रुपया बरामद किया गया है। उनके पास जो पासपोर्ट मिला है उससे पता चलता है कि वे ईरान के अल बुर्ज के रहने वाले है।जानकारी मिली है कि यह लोग तेहरान से दिल्ली होते हुए यहां आए हैं। उन्हें जिस टैक्सी ड्राइवर ने यहां छोड़ा है उसका नंबर स्विच ऑफ आ रहा है।

उधर बुरहानपुर पुलिस ने खालिस्तानी संगठन से जुड़े एक युवक को धर दबोचा है। आरोपी का नाम आसन सिंह सिकलीगर है। गृहमंत्री ने बताया है कि वह खालिस्तानियों को हथियार सप्लाई करने के मामले में लंबे समय से फरार चल रहा था। आरोपी से पूछताछ के लिए दूसरे राज्यों की पुलिस भी आ सकती है।