अमरवाड़ा में वोटिंग जारी, कांग्रेस प्रत्याशी धीरन शाह ने किया मतदान, GGP की एंट्री से त्रिकोणीय हुआ मुकाबला

कांग्रेस की तरफ से धीरन शाह इबनाती, बीजेपी की तरफ से कमलेश शाह और गोंडवाना गणतंत्र गणतंत्र पार्टी से देवरावेन भलावी चुनावी मैदान में हैं। यही कारण है कि इस सीट पर ये चुनाव त्रिकोणीय हो गया है।

Updated: Jul 10, 2024, 10:09 AM IST

छिंदवाड़ा। मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा की अमरवाड़ा सीट पर उपचुनाव के लिए वोटिंग सुबह 7 बजे से जारी है। मतदान शाम 6 बजे तक चलेगा। 9 प्रत्याशी मैदान में हैं। हालांकि, मुख्य मुकाबला बीजेपी के कमलेश शाह, कांग्रेस के धीरन शाह और गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के देवरावेन भलावी के बीच माना जा रहा है।

इस सीट पर कुल 2 लाख 57 हजार 866 मतदाता हैं। जो आज अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। चुनाव आयोग ने अमरवाड़ा विधानसभा सीट पर कुल 332 मतदान केन्द्र बनाये हैं। आपको बता दें कांग्रेस की तरफ से धीरन शाह इबनाती, बीजेपी की तरफ से कमलेश शाह और गोंडवाना गणतंत्र गणतंत्र पार्टी से देवरावेन भलावी चुनावी मैदान में हैं। यही कारण है कि इस सीट पर ये चुनाव त्रिकोणीय हो गया है।

अमरवाड़ा विधान सभा उपचुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी धीरन शाह ने परिवार के आंचल कुण्ड मतदान केंद्र पर मतदान किया। इसके साथ ही उन्होंने जनता से मतदान करने की अपील भी की है। बता दें कि अमरवाड़ा विधानसभा क्षेत्र में कुल 2 लाख 57 हजार 866 मतदाता वोट डालेंगे। कुल 332 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। चुनाव के लिए 62 सेक्टर अधिकारी (रिजर्व समेत) केन्द्रीय पुलिस बल की तीन कंपनियां और जिला पुलिस बल की ड्यूटी लगाई गई है। 

चुनाव के लिए 1,485 मतदानकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। 10 मतदान केंद्र महिला प्रबंधकीय बूथ हैं। 2023 में हुए विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के टिकट पर अमरवाड़ा से कमलेश शाह जीते थे। लोकसभा चुनाव से पहले वे बीजेपी में शामिल हो गए। इस वजह से यहां उपचुनाव हो रहा है।