MP बीजेपी में सिर-फुटव्वल जारी, रतलाम जिलाध्यक्ष को हटाने कार्यकर्ताओं ने चलाई मुहिम

नहीं थम रहा मध्य प्रदेश बीजेपी में अंतर्कलह, डैमेज कंट्रोल की तमाम कोशिशें हुई नाकाम, रतलाम में भाजपा कार्यकर्ताओं ने जिला अध्यक्ष के विरुद्ध छेड़ा मुहिम।

Updated: Jun 17, 2023, 05:41 PM IST

रतलाम। विधानसभा चुनाव से पूर्व मध्य प्रदेश बीजेपी में सिर-फुटव्वल जारी है। रतलाम जिले के भाजपा पदाधिकारियों ने जिलाध्यक्ष के विरुद्ध मोर्चा खोल दिया है। भाजपा के जिलाध्यक्ष को हटाए जाने की मांग को लेकर पार्टी पदाधिकारियों ने सोशल मीडिया सहित सड़कों पर मुहिम छेड़ दिया है।

दरअसल, रतलाम में बीजेपी की गुटबाजी गाने-बजाने के साथ सड़क पर आ गई है। यहां जिला अध्यक्ष राजेंद्र सिंह लुनेरा को हटाने की मांग को लेकर पार्टी के अन्य पदाधिकारी और कार्कर्ताओं ने मोर्चा खोल दिया है। इसी कड़ी में आज आलोट से जिला मुख्यालय स्थित BJP कार्यालय तक भव्य वाहन रैली निकाली गई। इस दौरान दर्जनों वाहनों का काफिला आलोट से रतलाम भाजपा कार्यालय पहुंचा।

वाहनों पर पार्टी के झंडे के अलावा “जिला अध्यक्ष को हटाओ और भाजपा बचाओ, भाजपा के सम्मान में हर कार्यकर्ता मैदान में” लिखे हुए थे। इस संबंध में जिले के बीजेपी पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं द्वारा सोशल मीडिया के माध्यम से भी मुहिम को तेज किया जा रहा है।

कार्यकर्ताओं द्वारा इस तरह जिलाध्यक्ष के खिलाफ मोर्चा खोलने से एक बात जाहिर हो गई सत्ताधारी पार्टी बीजेपी में भी सब कुछ ठीक नहीं चल रहा है। माना जा रहा है कि भाजपा के आम कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों में सत्ता और संगठन को लेकर आक्रोश व्याप्त है। यदि उनके आक्रोश को शांत नहीं किया गया तो आने वाले विधानसभा चुनाव में मुश्किलों का सामना करना पड़ सकता है।