दंगा-फसाद फैलाने वालों को नहीं छोड़ेंगे, बजरंग दल से जुड़े सवाल पर दिग्विजय सिंह की दो टूक
दिग्विजय सिंह ने कहा कि एमपी में कांग्रेस की सरकार बनी तो हम बजरंग दल को बैन नहीं करेंगे क्योंकि उसमें कुछ अच्छे लोग भी हो सकते हैं लेकिन जो गुंडा तत्व हैं, उन्हें छोड़ा भी नहीं जाएगा

भोपाल। कांग्रेस के दिग्गज नेता व मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने बजरंग दल को लेकर बड़ा बयान दिया है। सिंह ने बजरंग दल पर प्रतिबंध लगाने की बात से इनकार करते हुए कहा है कि वे बजरंग दल के नहीं बल्कि उसके नाम पर गुंडागर्दी करनेवालों के खिलाफ हैं। उन्होंने कहा है कि यदि एमपी में कांग्रेस सरकार बनी तो हम दंगा-फसाद फैलाने वालों को भी नहीं छोड़ेंगे।
पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह ने निर्वाचन आयोग पर भी निशाना साधा है और कहा है कि ईवीएम को लेकर हमारे कुछ प्रश्न हैं, जिनके जवाब चुनाव आयोग नहीं दे रहा है। हम उनके उत्तर चाहते हैं।
दिग्विजय सिंह बुधवार को राजधानी भोपाल में माता मंदिर चौराहे पर स्थित अवंतीबाई लोधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण करने पहुंचे थे। सिंह से यहां मीडिया ने हिंदुत्व को लेकर सवाल किया तो उन्होंने कहा, 'मैं प्रधानमंत्री मोदी, गृहमंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से पूछना चाहता हूं कि उन्होंने भारतीय संविधान की शपथ ली है या हिंदू राष्ट्र की शपथ ली है। ये देश हिंदू, मुस्लिम, सिख, ईसाई सभी का है। इसलिए धर्म के आधार पर देश को बांटना बंद कीजिए और शांति स्थापित करिए। शांति से ही इस देश की तरक्की हो सकती है।'
भारत के प्रथम स्वंतत्रता संग्राम आंदोलन 1857 की क्रांति की अग्रदूत,अंग्रेजों से लोहा लेने वाली मध्यप्रदेश की माटी में जन्मीं वीरांगना रानी अवंतीबाई लोधी जी की जयंती पर पूर्व मुख्यमंत्री एवं राज्यसभा सांसद आदरणीय श्री @digvijaya_28 जी की गरिमामई उपस्थिति मे माता मंदिर चौराहा स्थित… pic.twitter.com/fBx7FWZ0zY
— P. C. Sharma (@pcsharmainc) August 16, 2023
दिग्विजय सिंह अवंतीबाई लोधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण करने के उपरांत शिवाजी नगर स्थित कांग्रेस मुख्यालय पहुंचे। यहां मीडिया ने उनसे प्रदेश में बजरंग दल पर प्रतिबंध लगाने संबंधी सवाल पूछा, जिसके जवाब में सिंह ने कहा, 'मध्य प्रदेश में कांग्रेस सरकार बनाती है तो भी बजरंग दल को बैन नहीं करेंगे क्योंकि उसमें कुछ अच्छे लोग भी हो सकते हैं। लेकिन जो गुंडा तत्व है, जो दंगा फसाद करते या कराते हैं ऐसे किसी भी तत्व को छोड़ा नहीं जाएगा।'
ये देश हिंदू, मुस्लिम, सिख, ईसाई सभी का है। इसलिए धर्म के आधार पर देश को बांटना बंद कीजिए और शांति स्थापित करिए। शांति से ही इस देश की तरक्की हो सकती है: दिग्विजय सिंह@digvijaya_28 @INCMP pic.twitter.com/ZW9UE1HRyB
— humsamvet (@humsamvet) August 16, 2023
कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ के हिंदू राष्ट्र वाले बयान का भी बचाव किया। सिंह ने कहा कि कमलनाथ के बयान को गलत तरीके से लिया गया है। हिन्दुओं की संख्या बताना गलत नहीं है लेकिन यह देश संविधान के मुताबिक ही चलेगा। जो नेता और मंत्री संविधान की शपथ लेने के बाद भी हिंदू राष्ट्र की बात करते हैं उन्हें अपने पद से इस्तीफा दे देना चाहिए।
बता दें कि मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी दलों ने ज़ोर-आज़माइश तेज कर दी है। चुनाव पूर्व तमाम सर्वे रिपोर्ट्स में कांग्रेस पार्टी का पलड़ा भारी बताया जा रहा है। ऐसे में चुनाव बाद कांग्रेस सरकार किस रणनीति के साथ काम करेगी इस बात की चर्चाएं शुरू हो गयी हैं। इसी क्रम में कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने कहा है कि प्रदेश में कांग्रेस सरकार बजरंग दल पर पाबंदी के पक्ष में नहीं है क्योंकि इसके लिए केंद्र की सहमति आवश्यक है। हालांकि, जो लोग दंगा-फसाद फैलाएंगे उन्हें छोड़ा भी नहीं जाएगा।