अदृश्य शक्ति करती है महिला इंजीनियर के घर में चोरी, खा जाती है सारा खाना, बैतूल पुलिस से की शिकायत

महिला इंजीनियर ने बैतूल पुलिस में एक अजीबोगरीब शिकायत दर्ज कराई है, महिला का दावा है कि एक अदृश्य शक्ति उसे परेशान कर रही है, उसके घर में पैसे चोरी कर लिए गए हैं, जेवर भी हल्के हो गए हैं

Updated: Dec 06, 2021, 03:05 AM IST

Photo Courtesy: Amar Ujala
Photo Courtesy: Amar Ujala

बैतूल। मध्य प्रदेश के बैतूल में एक महिला इंजीनियर ने एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है। महिला इंजीनियर का दावा है कि उसे बीते कुछ दिनों से एक अदृश्य शक्ति परेशान कर रही है। अदृश्य शक्ति ने उसके घर से पैसों की चोरी कर ली है। इसके अलावा अदृश्य शक्ति उसका खाना भी चट कर जाती है। 

जूनियर इंजीनियर ने यह शिकायत बैतूल पुलिस से की है। प्रधानमंत्री सड़क योजना इकाई एक में उप यंत्री के पद पर पदस्थ श्रुति झाड़े ने बैतूल पुलिस को बताया है कि पिछले चार पांच दिनों से एक अदृश्य शक्ति ने उनका जीना हराम कर दिया है। अदृश्य शक्ति ने उनके जेवर का वजन भी हल्का कर दिया है। टिफिन का खाना भी अदृश्य शक्ति खा जाती है। घर से उसने मेरे कपड़े और पैसे भी चोरी कर लिए। 

श्रुति झाड़े ने पुलिस को अदृश्य शक्ति के बारे में बताते हुए कहा कि कोई अज्ञात व्यक्ति है जो सफेद कपड़े पहने रहता है। श्रुति झाड़े के दावे के मुताबिक उन्होंने उस अज्ञात व्यक्ति के पैर देखे हैं। 

महिला द्वारा अजीबोगरीब शिकायत करने पर बैतूल पुलिस ने इसे महिला का वहम करार दिया है। फिलहाल पुलिस ने महिला को समझा कर वापस भेज दिया। बैतूल पुलिस का कहना है कि श्रुति झाड़े को वहम हो रहा है। वास्तविकता में ऐसा कुछ नहीं होता। वहम होने की वजह से व्यक्ति जो अपने ज़हन में सोचता है व्यक्ति को वैसा दिखाई देने लग जाता है। बैतूल पुलिस ने किसी शरारती तत्व की संभावना से इनकार किया है।