पेट्रोलियम की बढ़ती कीमतों पर यूथ कांग्रेस का अनोखा प्रदर्शन, बनाई पेट्रोल के दाम की मानव आकृति
एमपी में सबसे अधिक 120.20 और सबसे कम 116.88 रुपए बिक रहा पेट्रोल, युवा कांग्रेस ने मानव आकृति के बाद 11 किमी लंबी मानव श्रृंखला बनाकर विरोध करने की दी चेतावनी

जबलपुर। मध्य प्रदेश यूथ कांग्रेस ने बुधवार को लगातार बढ़ रहे पेट्रोल के दामों के विरूद्ध जबलपुर में अनोखा प्रदर्शन किया। यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं पेट्रोल पंप के सामने ही पेट्रोल के मौजूदा दाम कि मानव आकृति बनाई और नारेबाज़ी के साथ विरोध प्रदर्शन किया। बता दें कि राज्य के कुछ शहरों में पेट्रोल के दाम अभी 120 रुपए प्रति लीटर तक जा पहुंचे हैं और सबसे कम आंकड़ा 116 रुपए का है। प्रदर्शनकारियों ने इसी 116 रुपए के आंकड़े की मानव आकृति बनाकर अपना विरोध दर्ज करवाया।
जबलपुर यूथ कांग्रेस के जिल अध्यक्ष जितिन राज और पश्चिम विधानसभा अध्यक्ष सचिन वाजपई के नेतृत्व में यूथ कांग्रेस के सैकड़ों कार्यकर्ता गोरखपुर स्थित पुलिस वेलफेयर पेट्रोल पंप पर विरोध करने पहुंचे थे। यूथ कांग्रेस ने इस लंबी मानव श्रृंखला को 116 के आकृति में तैयार किया था जिससे सड़क का आधा हिस्सा कवर हो गया था। इस प्रदर्शन के माध्यम से यूथ कांग्रेस सरकार से पेट्रोलियम को भी जीएसटी के दायरे में लाने की मांग की।
आज जबलपुर में युवा कांग्रेस अध्यक्ष श्री जितिन राज के नेतृत्व में पेट्रोल व डीजल के बढ़ते दामों का विरोध किया इस अवसर पर मध्य प्रदेश कांग्रेस प्रदेश सचिव गौरव भनोट, अमरीष मिश्रा, प्रदेश प्रवक्ता रविंद्र गौतम, प्रदेश सचिव कपिल भोजक, सक्षम गुलाटी, रिजवाना अली, सचिन बाजपई उपस्थित थे pic.twitter.com/6VIQ0n7Zg3
— MP Youth Congress (@IYCMadhya) October 27, 2021
यूथ कांग्रेस पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों को लेकर पिछले दो महीने से पोस्टकार्ड अभियान भी चला रही है। अब उन्होंने 11 किमी लंबी मानव श्रृंखला बनाकर विरोध करने की चेतावनी दी है। प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे जतिन राज ने कहा, ‘मोदी पीएम बनने से पहले खून नारे लगाते थे बहुत हुई मंहगाई की मार अबकी बार मोदी सरकार। कहां गए उनके सारे वादे? आखिर मोदी सरकार मंहगाई को क्यों नहीं काबू में कर पा रही है? जनता की समस्याओं को लेकर बात करने के लिए सत्तारूढ़ बीजेपी के किसी भी नेता के पास फुरसत नहीं है।’
यह भी पढ़ें: MP के खुरई में किसान ने की आत्महत्या, खेत में पेड़ से लटका मिला शव, सिंचाई न होने से थे चिंतित
बता दें कि आज भी देशभर में पेट्रोल-डीजल के दामों में लगातार वृद्धि दर्ज की गई है। पेट्रोल डीजल की बढ़ती कीमतों की सबसे अधिक मार मध्य प्रदेश की जनता को झेलनी पड़ रही है। मध्य प्रदेश के हर जिले में पेट्रोल और डीजल सौ रुपए के पार बिक रहे हैं। पेट्रोल और डीजल के लिए सबसे अधिक कीमत रीवा के लोग चुका रहे हैं।
रीवा में पेट्रोल 120.20 रुपए प्रति लीटर बिक रहा है। वहीं, मध्य प्रदेश में सबसे सस्ता पेट्रोल इस समय ग्वालियर में मिल रहा है। ग्वालियर के लोगों को एक लीटर पेट्रोल के लिए 116.88 रुपए का भुगतान करना पड़ रहा है। जबकि जबलपुर, सीहोर और सागर में पेट्रोल का भाव 116.96 रुपए प्रति लीटर है। राजधानी भोपाल में पेट्रोल 117.42 रुपए प्रति लीटर की दर से बिक रहा है।