बढ़ते बिजली बिल के विरोध में सड़कों पर उतरी यूथ कांग्रेस, मंत्री रूपी भैंस के आगे बीन बजाकर किया प्रदर्शन

भोपाल में आज यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने लगातार बढ़ते बिजली के बिल को लेकर प्रदर्शन किया, यूथ कांग्रेस के इस प्रदर्शन में कार्यकर्ताओं ने भैंस के ऊपर ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर की तस्वीर वाला एक बैनर लगा दिया और उसके सामने में बीन बजाकर सांकेतिक विरोध दर्ज कराया, इसके साथ ही यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने ऊर्जा मंत्री के बंगले तक पैदल मार्च भी निकाला

Updated: Aug 25, 2021, 11:52 AM IST

भोपाल। लगातार बढ़ते बिजली के बिलों से त्रस्त हो कर आज यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने राजधानी में अनूठा प्रदर्शन किया। यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने शिवराज सरकार में ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर को भैंस की संज्ञा देते हुए, बीन बजाकर सांकेतिक विरोध दर्ज कराया। इसके साथ ही यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने ऊर्जा मंत्री के बंगले तक पैदल मार्च भी निकाला।  

बुधवार को यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने एक भैंस के ऊपर बैनर लटका दिया। बैनर पर लगी भैंस की तस्वीर पर ऊर्जा मंत्री के तस्वीर को चस्पा कर दिया गया। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने बीन बजाकर अपना विरोध दर्ज कराया। इसके बाद यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने पीसीसी से लेकर ऊर्जा मंत्री के बंगले तक पैदल मार्च निकाल कर अपना विरोध दर्ज कराया।  

यूथ कांग्रेस के मीडिया विभाग के प्रदेश अध्यक्ष विवेक त्रिपाठी ने हम समवेत से बात करते हुए कहा कि बढते हुए बिजली के बिलों से व्यापारी मजदूर किसान के साथ साथ आम नागरिक भी काफी परेशान है। लेकिन उसके बावजूद भाजपा सरकार द्वारा लगातार बिजली के दाम बढ़ाए जा रहे हैं। और कई जगह पर गलत रीडिंग के साथ बढ़े हुए बिजली के बिल दिए जा रहे हैं। इन्हीं मुद्दो को लेकर यूथ कांग्रेस ने आज विरोध किया है। 

यह भी पढ़ें ः साध्वी प्रज्ञा ने महंगाई को बताया कांग्रेस का प्रोपेगैंडा, कांग्रेस ने की पागलखाने भेजने की मांग

इसके साथ ही यूथ कांग्रेस आज भोपाल से सांसद और बीजेपी नेता साध्वी प्रज्ञा ठाकुर के खिलाफ भी प्रदर्शन करने जा रही है। बीजेपी नेता ने बढ़ती महंगाई को कांग्रेस का प्रोपेगैंडा बताया था। जिसके विरोध में आज यूथ कांग्रेस साध्वी प्रज्ञा का पुतला दहन करने वाली है।