भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में 18 सौ करोड़ रुपए की ड्रग्स पकड़े जाने के बाद प्रदेश की सियासत गर्म है। विपक्षी दल कांग्रेस इस मामले में राज्य सरकार पर हमलावर है। प्रदेश के उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा का नाम इस ड्रग्स रैकेट से जोड़ा जा रहा है। मध्य प्रदेश यूथ कांग्रेस ने इसे लेकर बुधवार को प्रदर्शन भी किया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जगदीश देवड़ा के पुतले को इंजेक्शन की माला भी पहनाई।
बुधवार को भोपाल के रोशनपुरा चौराहे पर एमपी यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने एक पुतले पर डिप्टी सीएम जगदीश देवड़ा की फोटो लगाकर गले में इंजेक्शन की माला पहनाकर प्रदर्शन किया। ड्रग्स रैकेट के सरगना की तस्वीरें डिप्टी सीएम जगदीश देवड़ा के साथ सामने आने के बाद कांग्रेस ने उनका इस्तीफा मांग है।
इस दौरान कांग्रेस प्रवक्ता विवेक त्रिपाठी ने कहा कि भोपाल में इतनी बड़ी ड्रग्स की फैक्ट्री संचालित हो रही थी और शासन-प्रशासन को खबर तक नहीं थी। गुजरात की पुलिस आकर कार्रवाई करती है। मप्र की भाजपा सरकार और पुलिस क्या कर रही है। ये स्पष्ट रूप से उजागर हो रहा है कि डिप्टी सीएम जगदीश देवड़ा के चहेते कार्यकर्ता इस बिजनेस में लिप्त हैं। उनके संरक्षण में ये पूरा व्यापार मप्र में फल-फूल रहा था।
त्रिपाठी ने कहा कि हम मांग करते हैं कि जगदीश देवड़ा नैतिकता के आधार पर अपने पद से इस्तीफा दें। क्योंकि, अगर वो उप मुख्यमंत्री बने रहे तो वे अपने चहेते लोगों को बचाने के लिए जांच प्रभावित कर सकते हैं। अगर वो ऐसा नहीं करते हैं तो मुख्यमंत्री मोहन यादव को युवाओं के सामने यह स्पष्ट करना पडे़गा कि वो ड्रग्स माफियाओं के साथ हैं या मप्र के युवाओं के साथ हैं। उन्हें तत्काल जगदीश देवड़ा को तत्काल पद से बर्खास्त कर देना चाहिए। जब तक जांच चल रही है उसकी निष्पक्षता बनाए रखने के लिए देवड़ा जी का पद पर बने रहना सही नहीं हैं।
कांग्रेस प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि भाजपा के कई कार्यकर्ता पहले भी नशे के कारोबार में लिप्त पाए गए हैं। उन्होंने कहा कि भोपाल के गली-गली, मोहल्ले में शराब, ड्रग्स और तरह-तरह का नशा बिक रहा है। इस पर ठोस कार्रवाई करने की जरूरत है। मप्र के युवाओं को ड्रग्स के दलदल में धकेलना भाजपा सरकार बंद करे।