नई दिल्ली। टीएमसी सांसद डेरेक ओ'ब्रायन ने संसद में विधेयकों को जल्दबाजी में पास किए जाने को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने एक्स पर पोस्ट कर आरोप लगाया कि बीजेपी सरकार ‘नूडल्स की तरह कानून’ बना रही है। डेरेक ने दावा किया कि 17 दिनों में 10 विधेयक पास किए गए और प्रत्येक बिल को चर्चा के लिए औसतन महज 4 मिनट मिले।

डेरेक ओ'ब्रायन ने कहा कि संसद को एक ‘गहरे, अंधेरे कमरे’ में बदला जा रहा है। उन्होंने अलग-अलग विधेयकों को पास करने में लगे समय का आंकड़ा भी साझा किया। टीएमसी सांसद ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट में जजों की संख्या से संबंधित विधेयक को 4 मिनट और जन्म एवं मृत्यु का पंजीकरण विधेयक को महज 2 मिनट में पास किया गया। बैंकर्स बुक्स एविडेंस विधेयक और टैक्सेशन एंड अदर लॉज विधेयक को 3-3 मिनट में मंजूरी दी गई।

डेरेक ओ'ब्रायन ने बताया कि इसी तरह एप्रोप्रिएशन (नंबर 3) विधेयक 3 मिनट, राष्ट्रीय सम्मान के अपमान की रोकथाम विधेयक 10 मिनट, MSME विकास विधेयक 3 मिनट, ट्रिब्यूनल सुधार विधेयक 4 मिनट, केरल (नाम में बदलाव) विधेयक 2 मिनट और को-ऑपरेटिव डेवलपमेंट कॉरपोरेशन विधेयक 4 मिनट में पास किए गए।

दरअसल, राम मंदिर चढ़ावा चोरी और दिल्ली में छात्रों पर बर्बर कार्रवाई के मुद्दे पर विपक्ष सरकार से जवाबदेही की मांग कर रहा है। इन मुद्दों को लेकर संसद में गतिरोध बना हुआ है। इस बीच विपक्ष का आरोप है कि सरकार बिना पर्याप्त चर्चा के कई महत्वपूर्ण विधेयक पास करा रही है। इसी को लेकर अब टीएमसी सांसद डेरेक ओ'ब्रायन ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए ‘नूडल्स की तरह कानून बनाने’ का आरोप लगाया है।