15 राज्य, 110 जिले और 6700 KM का सफर, आज से भारत जोड़ो न्याय यात्रा पर निकलेंगे राहुल गांधी

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा मणिपुर से दोपहर 12 बजे शुरू होगी। इस दौरान कांग्रेस कार्यसमिति के सभी सदस्य और तमाम दिग्गज इंफाल में मौजूद रहेंगे।

Updated: Jan 14, 2024, 11:38 AM IST

इंफाल। राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस की भारत जोड़ो न्याय यात्रा आज हिंसा प्रभावित मणिपुर से शुरू हो रही है। राहुल गांधी की अगुवाई में यह यात्रा पूर्व से पश्चिम की ओर निकलेगी, जो 66 दिन बाद करीब 6700 KM का सफर तय कर 20 मार्च को मुंबई में खत्म होगी। इस यात्रा के दौरान राहुल गांधी 15 राज्यों के 110 जिलों से होकर गुजरेंगे।

कांग्रेस के मीडिया प्रभारी जयराम रमेश ने बताया कि राहुल गांधी रविवार सुबह 11 बजे इंफाल आ रहे हैं। वहां से खोंगजोम युद्ध स्मारक जाएंगे। 2016 में इस युद्ध स्मारक की शुरुआत पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने की थी। इस युद्ध स्मारक का महत्व केवल मणिपुर के लिए, बल्कि पूरे देश के लिए है। जयराम ने कहा, यहां से राहुल गांधी थौबल जाएंगे, जहां से यात्रा की शु़रुआत होगी।

यात्रा को हरी झंडी कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे दिखाएंगे। इस मौके पर कांग्रेस के मुख्यमंत्रियों, कार्यसमिति सदस्य से लेकर तमाम बड़े नेता जुटेंगे। शनिवार से ही इंफाल में कांग्रेस की यात्रा की शुरुआत की झलक दिखने लगी है। शहर में हर चौक चौराहों पर कांग्रेस के झंडे लगे हुए हैं। इंफाल पूरी तरह कांग्रेसमय हो चुका है।

यात्रा के दौरान राहुल गांधी अलग-अलग नागरिक संस्थाओं से मिलेंगे और उनकी जनसभाएं होंगी। पहले दिन राहुल गांधी आठ से दस किमी पैदल चलेंगे। कांग्रेस का कहना है कि इस यात्रा के जरिए कांग्रेस नॉर्थ ईस्ट के पांच राज्यों में 11 दिन गुजारेगी। यह मणिपुर के अलावा, नागालैंड, मेघालय, असम और अरुणाचल प्रदेश को भी कवर करेगी। पार्टी इस यात्रा के जरिए बेरोजगारी, महंगाई और सामाजिक न्याय जैसे मुद्दे उठाएगी।