मुंबई में होर्डिंग गिरने से 14 की मौत और 70 घायल, आंधी में पेट्रोल पंप पर गिरा था 100 फीट ऊंचा बिलबोर्ड

बिलबोर्ड का वजन 250 टन बताया जा रहा है। NDRF के मुताबिक, बिलबोर्ड गिरने से फंसे 78 लोगों का रेस्क्यू किया गया।

Updated: May 14, 2024, 07:45 AM IST

मुंबई। देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में तेज़ धूल भरी आंधी के बीच एक बिलबोर्ड के गिरने से 14 लोगों की मौत हो गई जबकि 70 लोग घायल हो गए। मुंबई में सोमवार 13 मई को दोपहर 3 बजे अचानक मौसम ने करवट ली। धूल भरी आंधी के बाद बारिश भी शुरू हुई और अंधेरा छा गया। इसी दौरान 250 टन वजनी बिलबोर्ड पेट्रोल पंप पर गिर गया।

बताया जा रहा है कि आंधी से घाटकोपर के पेट्रोल पंप पर 100 फीट ऊंचा बिलबोर्ड गिरा। NDRF के मुताबिक, बिलबोर्ड गिरने से फंसे 78 लोगों का रेस्क्यू किया गया। घाटकोपर में बिलबोर्ड गिरने के मामले में इसके मालिक भावेश भिड़े पर IPC की चार धाराओं में पंतनगर थाने में केस दर्ज किया गया है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि इस बिलबोर्ड के खिलाफ अगस्त 2023 में सरकारी एजेंसीज, बीएमसी और गवर्नमेंट रेलवे पुलिस में शिकायत की गई थी। लेकिन किसी ने एक्शन नहीं लिया। नतीजा सोमवार को इसके 14 लोगों की जान ले ली।

वहीं, मौसम में आए बदलाव का मुंबई एयरपोर्ट के ऑपरेशन पर असर पड़ा। 15 से ज्यादा राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को डायवर्ट किया गया, जबकि कुछ का समय बदल गया। मेट्रो, लोकल रेल सर्विस भी प्रभावित हुई। हालांकि, दो घंटे बाद फिर से सेवाएं शुरू हो गईं।