दिल्ली चुनाव के लिए AAP ने जारी की दूसरी लिस्ट, मनीष सिसोदिया की सीट से अवध ओझा लड़ेंगे चुनाव
सोमवार को आम आदमी पार्टी ने कुल 20 उम्मीदवारों की दूसरी लिस्ट जारी की। दिलचस्प बात ये है कि इसमें 17 मौजूदा विधायकों के टिकट काट दिए गए हैं।
नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी (AAP) ने दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों की दूसरी लिस्ट आज जारी कर दी है। दिल्ली के पूर्व डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया की सीट इस बार बदल गई है। इस बार वो पटपड़गंज की जगह जंगपुरा से चुनाव लड़ेंगे। वहीं पटपड़गंज से एजुकेटर अवध ओझा चुनाव लड़ेंगे। वो हाल ही में आप में शामिल हुए हैं।
सोमवार को आम आदमी पार्टी ने कुल 20 उम्मीदवारों की दूसरी लिस्ट जारी की। दिलचस्प बात ये है कि इसमें 17 मौजूदा विधायकों के टिकट काट दिए गए हैं। जबकि 3 प्रत्याशियों की सीट बदली गई है। यानी इन 20 सीटों पर पार्टी ने शत फीसदी नए चेहरों को मैदान में उतारा है।
दरअसल, दिल्ली में AAP 10 साल से सत्ता में काबिज है। पार्टी सत्ता विरोधी लहर की काट के तौर पर बड़ी संख्या में उन मौजूदा विधायकों के टिकट काटने की रणनीति अपना रही है, जहां उनके खिलाफ जनता में नाराजगी है। इसमें कई बड़े चेहरे भी शामिल हैं। कुछ लोगों का सीट भी बदलने की रणनीति अपनाई जा रही है।
चर्चित चेहरे में AAP ने तिमारपुर से मौजूदा विधायक दिलीप पांडेय का टिकट काट दिया है। उनकी जगह दो दिन पहले भाजपा से AAP में शामिल हुए सुरेंद्र पाल सिंह बिट्टू को उम्मीदवार बनाया गया है। पार्टी में इसका विरोध शुरू हो गया है। विरोध में तिमारपुर में मंडल और बूथ स्तर के 67 पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने अपना इस्तीफा राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल को सौंप दिया है।
यह भी पढे़ं: संसद में विपक्ष का अनोखा प्रदर्शन, राहुल गांधी ने मोदी-अडानी का मुखौटा पहने सांसदों का लिया मॉक इंटरव्यू
बता दें कि इससे पहले AAP ने 21 नवंबर को उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी की थी। लिस्ट में 11 नाम थे। इनमें से छह नेता ऐसे हैं, जो BJP या कांग्रेस छोड़कर आप में शामिल हुए हैं। ब्रह्म सिंह तंवर, बीबी त्यागी और अनिल झा ने हाल ही में BJP छोड़ी थी। वहीं जुबैर चौधरी, वीर सिंह धींगान और सुमेश शौकीन कांग्रेस से आप में आए हैं।
दिल्ली विधानसभा का मौजूदा कार्यकाल 23 फरवरी 2025 को खत्म हो रहा है। इलेक्शन कमीशन मौजूदा सदन के पांच साल के कार्यकाल के खत्म होने की तारीख से पहले चुनाव की प्रक्रिया पूरी कराता है।