गाय-भैंस के बाद अब सांड से टकराई वंदे भारत एक्सप्रेस, फिर टूटा आगे का हिस्सा

महाराष्ट्र के मुंबई सेंट्रल से गुजरात के गांधीनगर के लिए रवाना हुई वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन की शनिवार को एक सांड के साथ टक्कर हो गई, एक महीने में यह तीसरी बार मवेशियों से टकराने की घटना है।

Updated: Oct 29, 2022, 09:16 AM IST

गांधीनगर। देश में निर्मित पहली सेमी हाई स्पीड ट्रेन वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन का मवेशियों से टकराने का सिलसिला जारी है। गाय-भैंस के बाद अब यह ट्रेन सांड से टकरा गई। इस हादसे में ट्रेन का फ्रंट पैनल बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया।

रिपोर्ट्स के मुताबिक वंदे भारत एक्सप्रेस और सांड के साथ ये टक्कर मध्य रेलवे जोन में अतुल स्टेशन (गुजरात) के पास शनिवार सुबह करीब 8.17 बजे हुई। इस हादसे में वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन का आगे का हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। जिसकी वजह से ट्रेन को 15 मिनट तक वहीं रोक कर रखा गया।

यह भी पढ़ें: बिहार के औरंगाबाद में बड़ा हादसा, छठ का प्रसाद बनाते वक्त सिलेंडर ब्लास्ट, 50 लोग झुलसे

हादसे पर भारतीय रेल की ओर से प्रतिक्रिया भी आई है।रेलवे ने कहा है कि सांड के साथ हुई टक्कर में मुंबई से गांधीनगर जा रही वंदे भारत एक्सप्रेस को कोई खास नुकसान नहीं हुआ है। टक्कर में सिर्फ ट्रेन का फ्रंट पैनल को नुकसान पहुंचा है। ट्रेन सुचारू रूप से चल रही है। इस तरह के हादसों पर जल्द से जल्द ध्यान दिया जाएगा। रेलवे ने बताया कि ट्रेन के आने से मवेशियों के एक झुंड में भगदड़ मच गई थी, जिसकी वजह से झुंड में शामिल एक सांड की ट्रेन के साथ टक्कर हो गई।

बता दें कि मुंबई सेंट्रल और गांधीनगर कैपिटल के बीच चलाई जाने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस के साथ ये ऐसा तीसरा हादसा है। इससे पहले, मुंबई से गांधीनगर जा रही वंदे भारत एक्सप्रेस 6 अक्टूबर को अहमदाबाद में भैंसों के झुंड से टकरा गई थी। इसके ठीक एक दिन बाद यानी 7 अक्टूबर को गुजरात के आणंद में वंदे भारत की गाय के साथ टक्कर हो गई थी।