घरेलू हवाई यात्रा हुई महंगी, केंद्र सरकार ने 13 फीसदी तक बढ़ाया किराया

घरेलू हवाई सफर करने वाले यात्रियों को झटका, सरकार ने फिर बढ़ाया किराया, भोपाल से दिल्ली जाने के लिए देने होंगे 4,500 से 13 हजार रुपए

Updated: Aug 14, 2021, 05:46 AM IST

नई दिल्ली। घरेलू हवाई यात्रियों को केंद्र सरकार ने महंगाई का एक और झटका दिया है। नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने न्यूनतम और अधिकतम किराए की सीमा बढ़ा दी है। मंत्रालय के इस फैसले के बाद एयरलाइंस कम से कम 10 फीसदी और अधिकतम 13 फीसदी तक ज्यादा किराया वसूलेंगी।

रिपोर्ट्स के मुताबिक सरकार ने न्यूनतम किराए में 9.83% की बढ़ोतरी करने का फैसला लिया है। जबकि अधिकतम किराया 12.82% बढ़ाया गया है। उड्डयन मंत्रालय ने गुरुवार देर रात ऑर्डर जारी कर इसकी जानकारी दी है। किराए का अपर और लोवर कैप बढ़ाने का मकसद विमानन कंपनियों को फायदा पहुंचाना है।

यह भी पढ़ें: हमें गुलामी के इस प्रतीक से निजात दिलाओ, बीजेपी नेता ने लिखा सिंधिया को पत्र 

मंत्रालय द्वारा जारी आदेश के मुताबिक 40 मिनट की यात्रा के लिए अब न्यूनतम किराए 2,600 को बढ़ाकर 2,900 रुपए कर दिया गया है। अधिकतम किराया 7,700 से बढ़ाकर 8,800 कर दिया गया है। इसी तरह 40 से 60 मिनट, एक से डेढ़ घंटे आदि उड़ानों के लिए किराए में बढ़ोतरी की गई है।

किराए में हुई इस बढ़ोतरी के बाद सभी राज्यों के यात्रियों को जेब ढीले करने होंगे। मसलन भोपाल से दिल्ली जाने में 1 घंटे 25 मिनट के करीब लगते हैं। अब इस दूरी के लिए टिकट खर्च 4,500 रुपए से लेकर 13 हजार 200 रुपए देने होंगे। इतना ही किराया भोपाल से मुंबई के लिए भी देने होंगे।

यह भी पढ़ें: लोकसभा चुनाव के लिए मिशन मोड में कांग्रेस, वित्तीय संकट से बाहर आने के लिए एक-एक रुपए बचाने का प्रयास

दरअसल, पिछले साल देश भर में लॉकडाउन के बाद मई में सरकार ने हवाई किराए पर एक कैप लगा दिया था। यानी न्यूनतम और अधिकतम किराया तय कर दिया गया था। ऐसा इसलिए किया गया, क्योंकि तब कम संख्या में फ्लाइट चल रही थीं। अब जब लॉकडाउन में ढील दे दी गई है और हवाई यात्रियों की संख्या भी बढ़ रही है, तब सरकार ने कैप को बढ़ाकर एक बार फिर कंपनियों के लिए मुनाफे का द्वारा खोल दिया है।