सिक्किम में गहरी खाई में गिरा सेना का ट्रक, तीन JCO सहित 16 जवानों की मौत, चार की हालत गंभीर

सिक्किम के जेमा इलाके में एक वाहन गहरी खाई में गिर गया है। हादसे में आर्मी के 16 जवानों की मौत हो गई है। वहीं चार घायलों को एयरलिफ्ट कर अस्पताल ले जाया गया।

Updated: Dec 23, 2022, 02:00 PM IST

नॉर्थ सिक्किम में एक दर्दनाक हादसे में आर्मी के 16 जवानों की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि शुक्रवार को सैनिकों से भरा एक ट्रक गहरी खाई में गिर गया। इस हादसे में तीन जेसीओ सहित 16 जवानों की मौके पर मौत हो गई। जबकि चार गंभीर रूप से घायल जवानों को एयरलिफ्ट कर अस्पताल ले जाया गया है। बताया जा रहा है कि ये जवान नए साल पर छुट्टियां मनाने घर जा रहे थे।

जानकारी के मुताबिक, सेना के तीन वाहन सुबह जवानों को लेकर जा रहे थे। ये काफिला चटन से थंगू की ओर जा रहा था। जेमा के रास्ते में एक वाहन का चालक अचानक मोड़ पर खड़ी ढलान की वजह से संतुलन खो बैठा और वाहन नीचे खाई में जा गिरा। इस हादसे में ट्रक के परखच्चे उड़ गए।

सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस अफसर पहुंचे और बचाव अभियान शुरू किया गया। इस दौरान 4 घायल जवानों को रेस्क्यू कर निकाला गया। जबकि तीन जूनियर कमीशंड अधिकारियों समेत 16 सैनिकों ने दुर्घटना में लगी चोटों के कारण दम तोड़ दिया। घायल जवानों की भी स्थिति गंभीर बताई जा रही है।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने इस घटना पर दुःख जताया है। राजनाथ सिंह ने ट्वीट किया, 'उत्तरी सिक्किम में एक सड़क दुर्घटना के कारण भारतीय सेना के जवानों की मौच से गहरा दुख हुआ। राष्ट्र उनकी सेवा और प्रतिबद्धता के लिए हृदय से आभारी है। शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी संवेदनाएं। जो लोग घायल हुए हैं उनके शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करते हैं।'