आर्थर रोड जेल से रिहा हुए आर्यन खान, 28 दिनों बाद लौटे मन्नत

आर्यन खान की रिहाई प्रक्रिया पूरी करने के लिए खुद शाहरुख खान के बॉडी गार्ड रवि आर्थर रोड जेल पहुंचे थे, जिसके बाद आर्यन खान को रिहा कर दिया गया

Updated: Oct 30, 2021, 06:14 AM IST

Photo Courtesy: Twitter
Photo Courtesy: Twitter

मुंबई। आर्यन खान आर्थर रोड जेल से रिहा कर दिए गए हैं। शाहरुख खान के बॉडीगार्ड रवि जेल में आर्यन खान की रिहाई प्रक्रिया पूरी करवाने के लिए आर्थर रोड जेल पहुंचे थे। कागज़ी कार्रवाई पूरी होने के बाद आर्यन खान को जेल से रिहा कर दिया गया। 

आर्यन खान को जेल से मन्नत ले जाने के लिए सफेद रंग की रेंज रोवर कार आर्थर रोड जेल पहुंची थी। दावा किया जा रहा है कि खुद शाहरुख खान उस कार में मौजूद थे। ठीक 11 बजे आर्यन खान शाहरुख के बॉडीगार्ड के साथ आर्थर रोड जेल से बाहर निकले और मन्नत के लिए रवाना हो गए। 11.30 बजे आर्यन खान अपने घर मन्नत में दाखिल हो गए।

यह भी पढ़ें : शाहरुख के घर मन्नत के बाहर बैठे साधु, परिवार के कल्याण के लिए कर रहे हैं हनुमान चालीसा का पाठ

एनडीपीएस कोर्ट से जमानत याचिका खारिज होने के बाद 7 अक्टूबर से ही आर्यन खान आर्थर रोड जेल में बंद थे। इस बीच सेशंस कोर्ट में आर्यन खान की जमानत याचिका पर सुनवाई हुई। लेकिन सेशंस कोर्ट ने आर्यन की जमानत याचिका को खारिज कर दिया। 

लेकिन मंगलवार को बॉम्बे हाई कोर्ट में आर्यन खान की जमानत पर सुनवाई शुरू हुई। करीब तीन दिन तक सभी पक्षों की दलीलें सुनने के बाद हाई कोर्ट ने आर्यन खान, अरबाज मर्चेंट और मुनमुन धमेचा को जमानत दे दी।

गुरुवार को आर्यन को जमानत मिलने के बाद उम्मीद लगाई जा रही थी कि अगले दिन यानी शुक्रवार को आर्यन खान रिहा हो जाएंगे। लेकिन शुक्रवार को बेल ऑर्डर जारी होने में देर लगने के कारण आर्यन खान रिहा नहीं हो पाए। लेकिन अब करीब 28 दिनों के बाद आर्यन खान अपने घर लौट चुके हैं।