बिहार में कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा आज से शुरू, राज्य में 1250KM की पदयात्रा करेंगे बिहार कांग्रेस के नेता

बिहार के बांका से कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे भारत जोड़ो यात्रा का शुभारंभ करेंगे। यह यात्रा राज्य के 20 जिलों को कवर करेगी।

Updated: Jan 05, 2023, 07:18 AM IST

पटना। बिहार में आज से भारत जोड़ो यात्रा की शुरुआत हो रही है। राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा की तर्ज पर 1,200 किलोमीटर लंबी प्रादेशिक पदयात्रा 20 जिलों से गुजरेगी और गया में संपन्न होगी। बांका से कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे इस यात्रा का शुभारंभ करेंगे।

कांग्रेस ने ट्वीट कर कहा कि, 'भारत जोड़ो यात्रा देश से भय और नफरत को मिटाकर, देशवासियों को एकसूत्र में पिरोने का काम कर रही है।' पार्टी ने सभी क्षेत्रों के लोगों से मंहगाई, बेरोजगारी और सामाजिक अविश्वास के खिलाफ कांग्रेस की लड़ाई में साथ आने की अपील की है।

यह भी पढ़ें: राहुल गांधी को ठंड क्यों नहीं लगती, योगी कैबिनेट के स्वास्थ्य मंत्री ने डॉक्टरों को रिसर्च में लगाया

बिहार कांग्रेस के प्रभारी पूर्व केंद्रीय मंत्री भक्त चरण दास, अखिल भारतीय कांग्रेस कमिटी के वरिष्ठ नेता और संचालन समिति के सदस्य प्रणव झा और हाथ से हाथ जोड़ो यात्रा के बिहार के प्रभारी पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय पिछले दो दिनों से यात्रा की तैयारियों को लेकर बांका में कैम्प कर रहे हैं।

बिहार कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अखिलेश सिंह, कांग्रेस विधायक दल के नेता अजीत शर्मा, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष मदन मोहन झा, विधायक शकील अहमद खान सहित पार्टी के वरिष्ठ नेता इस यात्रा में जनसमर्थन जुटाने के लिए कई दिनों से बांका के आसपास के इलाकों में प्रचार कर रहे हैं।

बिहार कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अखिलेश सिंह ने कहा है कि यह यात्रा उनकी पार्टी के लिए गेम चेंजर साबित होगी और इसके जरिए पूरे राज्य में राहुल गांधी के संदेश का प्रसार किया जाएगा। बिहार कांग्रेस के तमाम नेता-कार्यकर्ताओं के अलावा राज्य के नागरिक, सिविल सोसायटी के प्रतिनिधि, डाक्टर, अधिवक्ता, विद्यार्थी, आमजन यात्रा में कांग्रेस नेताओं के साथ कदम से कदम मिलाकर चलेंगे।