नागपुर में एक्सप्लोसिव बनाने वाली कंपनी में बड़ा धमाका, 9 लोगों की मौत और 3 की हालत नाजुक

पुलिस अधिकाारियों ने बताया कि जब धमाका हुआ, तब कंपनी में 12 लोग मौजूद थे। इस धमाके की चपेट में कंपनी में मौजूद सभी कर्मचारी आ गए। कंपनी में सेना के लिए एक्सप्लोसिव बनाए जाते थे।

Updated: Dec 17, 2023, 02:46 PM IST

नागपुर। महाराष्ट्र के नागपुर की एक एक्सप्लोसिव बनाने वाली कंपनी में बड़ा धमाका हुआ है। इस धमाके में कम से कम 9 लोगों की मौत की खबर है। वहीं, तीन अन्य की हालत गंभीर बताई जा रही है। मृतकों में 6 महिलाएं और 3 पुरुष हैं। 

यह कंपनी नागपुर अमरावती रोड पर बाजार गांव में स्थित है और शुरुआती जानकारी के मुताबिक यह विस्फोट सुबह करीब नौ बजे हुआ। बताया जा रहा है कि विस्फोट उस वक्त हुआ जब विस्फोटकों को पैक करने का काम चल रहा था।

नागपुर ग्रामीण SP हर्ष पोद्दार ने बताया कि यह ब्लास्ट कास्ट बूस्टर प्लांट में पैकिंग के वक्त हुआ। धमाका इतना तेज था कि, सी बी एच 2 प्लांट की इमारत भी ध्वस्त हो गई। इस फैक्ट्री में सेना के लिए हथियारों का निर्माण होता है। जिसके चलते भारी मात्रा में गोला-बारूद मौजूद था। वहीं ब्लास्ट के बाद जहरीला केमिकल पूरी प्लांट में फैल गया। इससे मौतों की संख्या बढ़ भी सकती है।

बता दें कि सोलर ग्रुप द्वारा संचालित इकोनॉमिक एक्सप्लोसिव लिमिटेड, रक्षा क्षेत्र के लिए देश के बड़े हथियार निर्माताओं में से एक है। वर्तमान में यहां भारतीय सेना और नौसेना के लिए विभिन्न हथियारों का निर्माण किया जाता है। साथ ही इस कंपनी के जरिए भारत के बाहर तीस से ज्यादा देशों में हथियार निर्यात किए जाते हैं।