BJP सांसद तेजस्वी सूर्या ने खोला प्लेन का इमरजेंसी गेट, दो घंटे रोकनी पड़ी थी उड़ान

विमान में सवार एक यात्री ने बताया कि तेजस्वी सूर्या इमरजेंसी गेट के पास बैठे थे और केबिन क्रू द्वारा आपातकालीन नियमों को समझाने के बाद उन्होंने अचानक से उसे खोल दिया। इसके चलते सभी यात्रियों को उतारा गया और दो घंटे के बाद फ्लाइट ने उड़ान भरी।

Updated: Jan 17, 2023, 06:22 PM IST

नई दिल्ली। चेन्नई से तिरुचिरापल्ली जाने वाली इंडिगो फ्लाइट का एक पैसेंजर ने इमरजेंसी गेट खोल दिया। इससे फ्लाइट 2 घंटे लेट हो गई। यह पिछले 10 दिसंबर का मामला है जो एक महीने बाद सामने आया। फ्लाइट में सवार एक यात्री ने बताया तो ये कांड किसी और ने नहीं बल्कि भाजपा सांसद तेजस्वी सूर्या ने किया था।

हालांकि, मामला तूल पकड़ने के बाद डायरेक्टोरेट जनरल ऑफ सिविल एविएशन (DGCA) लीपापोती में जुट गया है। DGCA की ओर से कहा गया कि हमें पूरी सूचना दे दी गई है। सुरक्षा के साथ कोई समझौता नहीं किया गया। एक यात्री ने गलती से इमरजेंसी गेट खोल दिया था। मामले में DGCA ने जांच के आदेश दिए हैं। हालांकि, डीजीसीए की ओर से यह नहीं कन्फर्म किया गया कि वह यात्री तेजस्वी सूर्या थे।

यह भी पढ़ें: खनन रोकने गए पुलिसकर्मी को BJP नेत्री ने चप्पलों से पीटा, प्रशासन के कब्जे से जेसीबी और डंपर भी छुड़ा ले गए

रिपोर्ट्स के मुताबिक अधिकारियों ने उन्हें माफी मांगने के लिए कहा था। BJP सांसद ने लेटर लिखकर मामले में माफी मांगी। इसके बाद उन्हें दोबारा फ्लाइट में बैठने की परमिशन दी गई। इस बार क्रू मेंबर ने उन्हें इमरजेंसी गेट के पास से हटाकर दूसरी सीट दे दी।

घटना के एक चश्मदीद ने बताया कि तिरुचिरापल्ली के लिए फ्लाइट उड़ान भरने वाली थी। क्रू मेंबर पैसेंजर्स को सुरक्षा प्रोटोकॉल के बारे में जानकारी दे रहे थे, तभी सूर्या ने अचानक इमरजेंसी गेट खोल दिया। इसके बाद सभी पैसेंजर्स को नीचे उतार दिया गया। सभी को बताया गया कि इमरजेंसी गेट से हवा लीक हो रही थी, इसीलिए फ्लाइट रोकी गई। 

बता दें कि हाल ही में फ्लाइट्स में इस तरह के कई मामले सामने आए हैं। इससे पहले शंकर मिश्रा नाम के एक व्यक्ति ने पिछले साल 26 नवंबर को एअर इंडिया की एक फ्लाइट के बिजनेस क्लास में नशे की हालत में 70 वर्षीय एक महिला पर कथित तौर पर पेशाब किया था। महिला की ओर से एअर इंडिया को दी गई शिकायत पर दिल्ली पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया।