जेपी नड्डा के खिलाफ बीजेपी कार्यकर्ता ने दर्ज कराया मुकदमा, तिरंगे के अपमान का आरोप

बिहार के मुज़फ्फरपुर का मामला, बीजेपी कार्यकर्ता चंद्र किशोर पराशर ने दर्ज कराया मुकदमा, कहा राष्ट्रीय ध्वज का अपमान दलगत भावना से कहीं ऊपर का मामला है

Publish: Sep 15, 2021, 12:40 PM IST

मुज़फ्फरपुर। बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के खिलाफ उनकी अपनी ही पार्टी के एक कार्यकर्ता ने मुकदमा दर्ज करा दिया है। बीजेपी के कार्यकर्ता का आरोप है कि जेपी नड्डा ने तिरंगे झंडे का अपमान किया है। कार्यकर्ता ने अपनी पार्टी अध्यक्ष के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने के सिलसिले में कहा है कि तिरंगे के अपमान का मामला दलगत राजनीति से कहीं बड़ा मामला है।  

जेपी नड्डा के खिलाफ बिहार के मुज़फ्फरपुर में मुकदमा दर्ज कराया गया है। मुज़फ्फरपुर के मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी के न्यायालय में चंद्र किशोर पराशर नामक व्यक्ति ने नड्डा के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। चंद्र किशोर ने खुद को बीजेपी का कार्यकर्ता बताया है। उनका कहना है कि राष्ट्रीय ध्वज का अपमान का मामला दलगत भावना से कहीं ऊपर है। कल्याण सिंह की श्रद्धांजलि सभा में तिरंगे झंडे के ऊपर भाजपा का झंडा रखा गया, जो कि राष्ट्रीय ध्वज का अपमान करने के उद्देश्य से किया गया था। इसलिए इस मामले में जेपी नड्डा पर कार्रवाई की जानी चाहिए।  

उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह का 21 अगस्त को निधन हो गया था। अगले दिन 22 अगस्त को उन्हें श्रद्धांजलि देने के लिए बीजेपी के कई बड़े नेता लखनऊ पहुंचे थे। खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी उसी सभा में मौजूद थे। कल्याण सिंह के शव के ऊपर पहले तिरंगा झंडा रखा गया था। लेकिन इसके बाद कल्याण सिंह के शव के ऊपर बीजेपी के झंडे को रख दिया गया। 

यह भी पढ़ें ः कल्याण सिंह के पार्थिव शरीर पर तिरंगे से ऊपर रखा गया भाजपा का झंडा, सोशल मीडिया पर बीजेपी का विरोध शुरू

दावा किया गया कि खुद बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने राष्ट्रीय के ऊपर बीजेपी के झंडा को रखा था।  जो कि न सिर्फ राष्ट्रीय ध्वज का अपमान था, बल्कि कानून का उल्लंघन भी था। ध्वज संहिता के मुताबिक कोई भी झंडा राष्ट्रीय ध्वज के ऊपर नहीं रखा जा सकता। इसी सिलसिले में अब बीजेपी के ही एक कार्यकर्ता ने अपने राष्ट्रीय अध्यक्ष के खिलाफ मुकदमा दर्ज करा दिया है।