अमरनाथ यात्रा से लौट रही बस के ब्रेक फेल, चलती बस से कूदने लगे श्रद्धालु, आर्मी ने बचाई 40 की जान
हादसे का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें सेना के जवान और पुलिस वाले बस को रोकते दिख रहे हैं। इस तरह उन्होंने बस को खाई में गिरने से बचा लिया।

जम्मू-कश्मीर के रामबन में एक बड़ा हादसा टला है। यहां 2 जुलाई को अमरनाथ यात्रा से लौट रहे श्रद्धालुओं से भरी एक बस का ब्रेक फेल हो गया। जब ड्राइवर ने बस में बैठे लोगों को ब्रेक फेल होने की जानकारी दी तो कम से कम 10 लोग चलती बस से कूद गए। हादसे का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें सेना के जवान और पुलिस वाले बस को रोकते दिख रहे हैं।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, बस में कुल 45 यात्री सवार थे। ये सभी अमरनाथ यात्रा के बाद पंजाब के होशियारपुर लौट रहे थे। रामबन जिले के नचलाना पहुंचने पर ब्रेक फेल होने के कारण ड्राइवर बस को रोक नहीं पा रहा था। इसी दौरान कम से कम 10 लोग (6 पुरुष, 3 महिलाएं और एक बच्चा) हादसे से बचने के लिए बस से कूद गए।
J&K : अमरनाथ यात्रियों की बस के ब्रेक फेल। तीर्थयात्री अपनी जान बचाने को चलती बस से कूदे। सेना ने बैरियर लगाकर बस रोकी। ये बस अमरनाथ से होशियारपुर (पंजाब) लौट रही थी। pic.twitter.com/QSRgYcWIda
— Sachin Gupta (@SachinGuptaUP) July 2, 2024
बस से कूदते लोगों पर सेना के जवानों की नजर पड़ी तो वे बचाने के लिए आगे आए। सेना और पुलिस की मदद से बस को धीरे किया गया। फिर, टायरों के नीचे पत्थर रखकर बस को नदी में गिरने से रोक लिया गया। इस तरीके से एक बड़े हादसे को टाला गया। भारतीय सेना ने एक बयान भी जारी कर बताया कि बस रोके जाने के बाद सेना की क्विक रिएक्शन टीम एंबुलेंस के साथ घटनास्थल पर पहुंची। सभी घायलों का नचलाना के एक स्थानीय अस्पताल में इलाज किया गया।
बता दें कि 52 दिनों तक चलने वाली अमरनाथ यात्रा 29 जून को शुरू हुई है। ये यात्रा 19 अगस्त को खत्म होगी। अमरनाथ गुफा समुद्र तल से 3880 मीटर की ऊंचाई पर है। गुफा तक पहुंचने के लिए दो रास्तें हैं - एक बालटाल की ओर से और दूसरी पहलगाम के चंदनबाड़ी से। पहलगाम वाला रास्ता 48 किलोमीटर लंबा है। ये आसान माना जाता है। वहीं, बालटाल का रास्ता 14 किलोमीटर लंबा है लेकिन कठिन माना जाता है।