नई दिल्ली। गणतंत्र दिवस के अवसर पर दिल्ली में भड़की हिंसा में कांग्रेस सांसद शशि थरूर पर मामला दर्ज किया गया है। शशि थरूर के अलावा वरिष्ठ पत्रकार राजदीप सरदेसाई समेत कुल आठ लोगों पर भी इसी मामले में एफ़आइआर हुई है। पुलिस ने इन सभी पर दंगा भड़काने की साजिश रचने का आरोप लगाया है। 

यह मामला नोएडा के सेक्टर 20 थाने में दर्ज किया गया है। मुकदमा दर्ज करवाने वाले व्यक्ति का नाम अभिजीत मिश्रा है और वह नोएडा के ही सेक्टर 74 में रहता है। मिश्रा का आरोप है कि इन लोगों ने दिल्ली हिंसा को भड़काने की साजिश रची है। मिश्रा का आरोप है कि इन लोगों ने हिंसा के दौरान गलत तथ्य पेश किए।

शशि थरूर, राजदीप सरदेसाई के साथ साथ मशहूर लेखिका और पत्रकार मृणाल पाण्डे (नेशनल हेराल्ड), ज़फ़र आगा (कॉमी आवाज़), परेशनाथ (कारवां), अनंतनाथ, (कारवां, संपादक) और एक अन्य अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। इन सभी लोगों के खिलाफ देश द्रोह समेत कुल 11 धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। इसमें आईटी एक्ट की धारा 66 भी शामिल है।