न्याय का हक मिलने तक: कांग्रेस ने जारी किया भारत जोड़ो न्याय यात्रा का लोगो और टैगलाइन

लोगो के एक हिस्से में 'भारत जोड़ो नया यात्रा' लिखा गया है जो तिरंगा के रंग से सजाया गया है। जबकि दूसरे हिस्से में नीले रंग में 'न्याय का हक' और काले कलर में 'मिलने तक' लिखा गया है।

Updated: Jan 06, 2024, 02:26 PM IST

नई दिल्ली। कांग्रेस नेता राहुल गांधी आगामी 14 जनवरी से भारत जोड़ो न्याय यात्रा शुरू करने वाले हैं। कांग्रेस पार्टी इस यात्रा की तैयारियों में जुटी हुई है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने शनिवार को  'भारत जोड़ो न्याय यात्रा' का लोगो जारी किया। इस लोगो के दो हिस्से हैं जिस पर लिखा है "भारत जोड़ो न्याय यात्रा, न्याय का हक मिलने तक"।

लोगो के एक हिस्से में 'भारत जोड़ो नया यात्रा' लिखा गया है जो तिरंगा के रंग से सजाया गया है। जबकि दूसरे हिस्से में नीले रंग में 'न्याय का हक' और काले कलर में 'मिलने तक' लिखा गया है। लोगो की लॉन्चिंग के मौके पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, महासचिव संचार प्रभारी जयराम रमेश और महासचिव के सी वेणुगोपाल मौजूद रहे।

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने इस दौरान कहा कि ये यात्रा 14 जनवरी से शुरू होगी। राहुल गांधी जी के नेतृत्व में हम 14 जनवरी से 'भारत जोड़ो न्याय यात्रा' शुरू कर रहे हैं। 'भारत जोड़ो न्याय यात्रा' देश के सामाजिक, आर्थिक, राजनीतिक और बुनियादी मुद्दों को लेकर निकाली जा रही है।

खड़गे ने आगे बताया कि यात्रा मणिपुर, इंफाल से शुरू होगी और नागालैंड, आसाम, अरुणचाल होते हुए ये देश के 15 राज्यों से गुजरेगी और अंत में मुंबई में पहुंचेंगे। 110 जिलों से होते हुए यह यात्रा 100 लोकसभा सीटें और 337 विधानसभा सीटें कवर करेगी। करीब 6700 किमी दूरी तय करके यह यात्रा मुंबई में खत्म होगी। 

खड़गे ने कहा कि इस यात्रा की शुरुआत हिंसा से प्रभावित मणिपुर की राजधानी इंफाल से होगी। इस मार्च का कुल रूट 6700 किलोमीटर लंबा होगा। यह 66 दिनों का सफर होगा और हर दिन दो बार राहुल गांधी का संबोधन होगा। कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि 'भारत जोड़ो न्याय यात्रा' के माध्यम से हम जनता से जुड़े मुद्दों पर बात करेंगे। हम महंगाई, बेरोजगारी, किसानों के मुद्दे, मजदूरों की बुरी हालत,अमीर-गरीब के बीच में बढ़ती खाई और जातिगत जनगणना से जुड़े मुद्दों पर जन जागरण करेंगे। 

खड़गे के मुताबिक यात्रा के दौरान राहुल जी समाज के विभिन्न वर्गो से, संगठनों से बात करेंगे और उनकी समस्याओं के समाधानों पर विचार-विमर्श करेंगे। कांग्रेस अध्यक्ष ने आगे कहा कि 'भारत जोड़ो न्याय यात्रा' का मंच NGOs, पत्रकारों, किसान, छोटे व्यापारी, दलित-पिछड़े वर्ग, आदिवासियों और बौद्धिक वर्ग को जोड़ने का भी है। यह यात्रा केवल अपनी बात जनता तक पहुंचाने का नहीं बल्कि जनता की आवाज और उनकी समस्याओं को सुनने का भी मंच है।