मेरे चार बच्चों के लिए कांग्रेस जिम्मेदार, पहले कानून होता तो हम रुक जाते: बीजेपी सांसद रवि किशन

गोरखपुर से बीजेपी सांसद और एक्टर रवि किशन ने बढ़ती जनसंख्या का जिम्मेदार कांग्रेस को ठहराया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अगर जनसंख्या नियंत्रण पर कानून बनाती तो मेरे 4 बच्चे नहीं होते।

Updated: Dec 10, 2022, 08:10 AM IST

नई दिल्ली। देश में बढ़ती जनसंख्या को लेकर बहस हो रही है। बीजेपी सांसद रवि किशन ने शुक्रवार को लोकसभा में जनसंख्या नियंत्रण कानून बनाने के लिए प्राइवेट मेंबर बिल पेश किया। इससे पहले उन्होंने कहा कि मेरे चार बच्चों के लिए कांग्रेस जिम्मेदार है। 
कांग्रेस अगर जनसंख्या नियंत्रण पर कानून बताती तो मेरे चार बच्चे नहीं होते, हम रुक जाते।

रवि किशन से एक निजी इंटरव्यू में उनके 4 बच्चों को लेकर सवाल पूछा गया तो उन्होंने कहा कि, 'फिल्म इंडस्ट्री के शुरुआती 15 सालों में लोग मुझे पैसा नहीं देते थे। मैं उस समय जानता था कि पैसा बाद में आएगा। मैं इंडस्ट्री में संघर्ष कर रहा था। शूटिंग कर रहा था। उसी दौरान तीसरा बेबी, चौथा बेबी हो गया। आज जब मैच्योरिटी आई है और उन्हें देखता हूं तो दुख होता है।'

भाजपा सांसद ने आगे कहा कि, 'मेरे चार बच्चे हैं। मैं पिता के रूप में जानता हूं कि उनकी परवरिश के लिए कितना संघर्ष करना पड़ा। मेरी पत्नी लंबी और पतली थी और पहली और दूसरी डिलीवरी के बाद मैंने उसकी सेहत बिगड़ते देखी। मैं उस समय संघर्ष कर रहा था और हमेशा शूटिंग में व्यस्त रहता था। बच्चे पैदा होते गए। अगर कांग्रेस सरकार उस समय विधेयक लाती और कोई कानून होता तो मेरे चार बच्चे नहीं होते। जनसंख्या नियंत्रण को लेकर कांग्रेस सरकार में जागरूकता नहीं पैदा की गई थी इसलिए बीजेपी सरकार को अब जनसंख्या नियंत्रण बिल लेकर आना पड़ रहा है।'