Donate For Desh अभियान शुरू करेगी कांग्रेस, लोकसभा चुनाव से पहले क्राउड फंडिंग जुटाने की योजना

2024 लोकसभा चुनाव से पहले कांग्रेस पार्टी क्राउड फंडिंग मुहिम की शुरुआत करने जा रही है। कांग्रेस ने इस मुहिम का नाम डोनेट फॉर देश रखा है।

Updated: Dec 16, 2023, 02:52 PM IST

नई दिल्ली। देश की सबसे पुरानी पार्टी कांग्रेस ने 'डोनेट फॉर देश' के नाम से क्राउड फंडिंग अभियान शुरू करने का ऐलान किया है। कांग्रेस पार्टी के कोषाध्यक्ष अजय माकन और महासचिव केसी ने शनिवार को प्रेस से बात करते हुए इस अभियान के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 18 दिसंबर को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे 'डोनेट फॉर देश' अभियान को लॉन्च करेंगे।

अजय माकन ने बताया कि 'डोनेट फॉर देश' के अलावा पार्टी आगे इस तरह के कई और अभियान चलाएगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी को 138 साल पूरे हो रहे हैं। इस मौके पर हम कांग्रेस के कार्यकर्ताओं और देश के लोगों से अपील करते हैं कि इस मौके पर आप 138 रुपये, 1380 रुपये, 10380 रुपये या फिर 13800 या उससे ज्यादा डोनेट करें ताकि कांग्रेस पार्टी एक बेहतर भारत के लिए आगे काम कर सके।

अजय माकन ने कहा कि donateinc.in और inc.in जो हमारी वेबसाइट है, इस पर जाकर पैसे डोनेट किए जा सकते हैं। इस वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन कोई भी व्यक्ति डोनेट कर सकता है। उन्होंने बताया कि डोनेट करने वालों के लिए दो कंडीशन हैं। डोनेट करने वाला भारत का नागरिक होना चहिए और उसकी उम्र 18 साल से ऊपर होनी चाहिए। 

कांग्रेस के कोषाध्यक्ष ने कहा कि देश के अंदर जो भी कांग्रेस पार्टी से जुड़ना चाहता है, इस विचारधारा की लड़ाई में कांग्रेस पार्टी को सहयोग करना चाहता है, हम उसे आमंत्रित करते हैं वह आएं और कांग्रेस पार्टी के साथ जुड़ें। जो लड़ाई हमारे नेता लड़ रहे हैं, एक शसक्त विपक्ष की भूमिका निभा रहे हैं, उस लड़ाई में अपना योगदान दें और कांग्रेस पार्टी को मजबूत करें ताकि पार्टी देश को और मजबूत कर सके।