दिल्ली सरकार गिराने की साजिश, भाजपा ने AAP विधायकों को 25 करोड़ का दिया ऑफर: केजरीवाल

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने आरोप लगाया है कि भारतीय जनता पार्टी आम आदमी पार्टी के विधायकों को खरीदने की कोशिश में जुटी है।

Updated: Jan 27, 2024, 12:53 PM IST

नई दिल्ली। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने शनिवार को भारतीय जनता पार्टी पर बड़ा आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि बीजेपी आम आदमी पार्टी के विधायकों को खरीदने की कोशिश में जुटी है। आप के 7 विधायकों को पार्टी छोड़ने के लिए 25 करोड़ रुपये का ऑफर दिया गया है। केजरीवाल ने ये भी कहा कि आम आदमी पार्टी विधायकों को बताया जा रहा है कि CM केजरीवाल भ्रष्टाचार के मामले में जल्द गिरफ्तार होंगे।

अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट कर आरोप लगाया कि पिछले दिनों भाजपा ने आम आदमी पार्टी दिल्ली के 7 MLAs को संपर्क कर कहा है कि कुछ दिन बाद केजरीवाल को गिरफ़्तार कर लेंगे। उसके बाद MLAs को तोड़ेंगे। 21 MLAs से बात हो गयी है। औरों से भी बात कर रहे हैं। उसके बाद दिल्ली में आम आदमी पार्टी की सरकार गिरा देंगे। आप भी आ जाओ। 25 करोड़ रुपये देंगे और बीजेपी की टिकट से चुनाव लड़वा देंगे।

केजरीवाल के मुताबिक भाजपा का दावा है कि उन्होंने 21 MLAs से संपर्क किया है लेकिन हमारी जानकारी के मुताबिक़ उन्होंने अभी तक 7 MLAs को ही संपर्क किया है और सबने मना कर दिया। केजरीवाल ने कहा, 'किसी शराब घोटाले की जाँच के लिए मुझे गिरफ़्तार नहीं किया जा रहा बल्कि दिल्ली में आम आदमी पार्टी की सरकार गिराने के लिए षड्यंत्र कर रहे हैं। पिछले नौ सालों में हमारी सरकार गिराने के लिए इन्होंने कई षड्यंत्र किए। लेकिन इन्हें कोई सफलता नहीं मिली। भगवान ने और जनता ने हमेशा हमारा साथ दिया। हमारे सभी MLA भी मज़बूती से  साथ हैं। इस बार भी ये लोग अपने नापाक इरादों में फेल होंगे।'

केजरीवाल ने कहा, 'ये लोग जानते हैं कि दिल्ली की जनता के लिए हमारी सरकार ने कितने काम किए हैं। इनकी पैदा की गयी तमाम अड़चनों के बावजूद हमने इतने काम किए हैं। दिल्ली की जनता AAP से बेइंतहा प्यार करती है। इसलिए चुनावों में “आप” को हराना इनके बस की बात नहीं। तो एक फ़र्ज़ी शराब घोटाले के बहाने गिरफ़्तार करके सरकार गिराना चाहते हैं।'

दिल्ली की आम आदमी पार्टी की सरकार में वित्त मंत्री आतिशी ने भी बीजेपी के नेताओं पर कई आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि बीजेपी जहां भी हारती है वहां कि सरकारों को गिराने में लगातार लगी रहती है। उन्होंने कहा कि बीजेपी दिल्ली में आम आदमी पार्टी की चुनी हुई सरकार को गिराने में जुटी हुई है।