Covid 19 India: 27 दिनों से देश में कोरोना से रोज एक हजार से ज़्यादा मौतें, कुल 30,254

Coronavirus India: मामलों के लिहाज से भारत दुनिया में दूसरा और मौत के लिहाज से तीसरा सबसे प्रभावित देश, दुनिया में कोरोना से होने वाली हर दस में से एक मौत भारत में

Updated: Sep 29, 2020, 03:42 AM IST

Photo Courtesy: DNA India
Photo Courtesy: DNA India

नई दिल्ली। भारत में कोरोना वायरस के कुल मामले 60 लाख के पार हो गए हैं। पिछले 24 घंटे में देश में 82 हजार से अधिक मामले सामने आए हैं। देश में एक्टिव केस की संख्या 10 लाख के पास बनी हुई है। वहीं पिछले एक दिन में देश में कोरोना वायरस से 1,039 लोगों की मौत हुई है। यह लगातार 27 वां दिन है, जब देश में कोरोना वायरस से एक हजार से अधिक लोगों की जान गई है। पिछले 27 दिन में देश में कुल 30,254 लोगों की मौत हुई है। 

कोरोना वायरस की संख्या की लिहाज से भारत दुनिया में दूसरा सर्वाधिक प्रभावित देश है। वहीं कोरोना वायरस से मौत के लिहाज से दूसरा सबसे अधिक प्रभावित। देश में अब तक कुल 95,542 लोगों की मौत हो चुकी है। पिछले सात दिनों में देश में 587,122 मामले सामने आए हैं। 

कुछ मुख्य बातें

एक्टिव केस के मामले में दुनिया में भारत का हिस्सा 12.56 प्रतिशत है। दुनिया भर में कुल एक्टिव केस में प्रत्येक आठवां केस भारत में है। मौतों के मामले में भारत का हिस्सा 9.53 प्रतिशत है। हर दस मौतों में से एक भारत में हो रही है। 

भारत में कोरोना वायरस के आखिरी 10 लाख मामले केवल 12 दिन में सामने आए हैं। 

भारत में रिकवरी रेट बढ़कर 82.58 प्रतिशत हो गया है। कोरोना मृत्यु दर घटकर 1.57 प्रतिशत पर आ  गई है। 

देश में कोरोना मामलों के दोगुना होने में लगभग 51 दिनों का समय लग रहा है। एक्टिव केस के लिए यह समय लगभग 107 दिन है और मौतों को दोगुना होन में 63 दिन लग रहे हैं। 

पिछले एक दिन में महाराष्ट्र, कर्नाटक, केरल, आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु में सर्वाधिक मामले सामने आए हैं। इन राज्यों में क्रमश: 18056, 9543, 7445, 6923 और 5791 मामले सामने आए हैं। 

देश में 27 सितंबर को 709,334 टेस्ट हुई और पॉजिटिविटी रेट 11.6 प्रतिशत रहा। 

पॉजिटिविटी रेट में महाराष्ट्र, चंडीगढ़, पुडुचेरी, गोआ और कर्नाटक सबसे आगे हैं। 

एक करोड़ से अधिक जनसंख्या वाले राज्यों में प्रति दस लाख आबादी के हिसाब से दिल्ली, जम्मू कश्मीर, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु और असम ने सर्वाधिक टेस्ट किए हैं। 

Click: Coronavirus: वैक्सीन आने से पहले मर सकते हैं 20 लाख लोग, डबल्यूएचओ की चेतावनी

देश में कोरोना वायरस से सर्वाधिक प्रभावित राज्य महाराष्ट्र है। पिछले दस दिन में राज्य में लगभग दो लाख मामले सामने आए हैं। दूसरा सर्वाधिक प्रभावित राज्य आंध्र प्रदेश है। पिछले सात दिन में यहां 50 हजार से अधिक मामले सामने आए हैं। 

दिल्ली में कोरोना वायरस के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। पिछले एक दिन में यहां 3,229 मामले सामने आए हैं। राष्ट्रीय राजधानी में अब तक कुल 271,114 मामले सामने आ चुके हैं।