कोरोना का कहर, 1.84 लाख मामलों के साथ टूटे सारे रिकॉर्ड, एक हजार से ज्यादा लोगों की मौत

बीते 24 घंटे के भीतर भारत में आए 1,84,372 नए मामले, 1 हजार 27 लोगों ने तोड़ा दम, लगातार चौथे दिन आए डेढ़ लाख से ज्यादा नए मामले

Updated: Apr 14, 2021, 05:48 AM IST

Photo Courtesy: DNA India
Photo Courtesy: DNA India

नई दिल्ली। देशभर में कोरोना वायरस का प्रकोप भयावह होते जा रहा है। कोरोना संक्रमितों का ग्राफ हर दिन बढ़ता जा रहा है। पिछले 24 घंटे में देशभर में 1 लाख 84 हजार से ज्यादा नए मामले दर्ज किए गए हैं। इस दौरान 1 हजार से ज्यादा लोगों की मौत भी हुई है। इस साल पहली बार एक दिन के भीतर मौत का आंकड़ा 1 हजार को पार किया है। महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, उत्तरप्रदेश और मध्यप्रदेश जैसे राज्य कोरोना महामारी से बुरी तरह से जूझ रहे हैं।

केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय द्वारा जारी रिपोर्ट के मुताबिक मंगलवार को देशभर में 1 लाख 84 हजार 372 नए मामले दर्ज किए गए हैं। नए मामलों ने पिछले साल कोविड के शुरुआत के बाद से अबतक के अपने शीर्ष स्तर पर है। पिछले 24 घंटे में 1 हजार 27 लोगों ने इस महामारी से अपनी जान गंवाई है। यह लगातार चौथा दिन है जब देशभर में लगातार डेढ़ लाख से ज्यादा पॉजिटिव मामले दर्ज किया गया है। वहीं 18 अक्टूबर 2020 के बाद मौतों की संख्या भी सबसे ज्यादा है।

यह भी पढ़ें: डॉक्टर मैं हूं या तुम हो, कहकर अस्पताल स्टाफ ने बुजुर्ग व्यक्ति को कोरोना टीका की जगह दिया कुत्ते काटने की सुई

देश में एक्टिव मामलों का ग्राफ भी तेजी से बढ़ रहा है। वर्तमान में देशभर में 13 लाख 65 हजार 704 नए मामले दर्ज किए गए हैं। पिछले 24 घंटे में 82 हजार 339 लोग ही डिस्चार्ज हुए हैं जो कि संक्रमित होने की संख्या के आधे से भी कम है। देशभर में अबतक आए कुल मामलों की संख्या 1 करोड़ 38 लाख 73 हजार को पार कर गया है। कोरोना से अबतक 1 लाख 72 हजार से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है वहीं 1 करोड़ 23 लाख 36 हजार लोग ठीक हो गए हैं।

देशभर में टीकाकरण अभियान भी तेजी से रफ्तार पकड़ रहा है। पिछले 24 घंटे में 26 लाख 46 हजार 528 लोगों को वैक्सीन की डोज दी गई है। इसी के साथ टीका ले चुके लोगों का आंकड़ा भी 11 करोड़ को पार कर गया है। अबतक देशभर में कुल 11 करोड़ 11 लाख 79 हजार 578 लोग टीका ले चुके हैं। 

देश में सबसे ज्यादा कोरोना प्रभावित राज्य महाराष्ट्र में मंगलवार को 60 हजार से ज्यादा नए मामले सामने आए हैं वहीं 281 लोगों की मौत हुई है। महाराष्ट्र सरकार ने स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए 15 दिन का राज्यव्यापी लॉकडाउन घोषित किया है। अकेले महाराष्ट्र में अबतक 58 हजार से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। उधर छत्तीसगढ़ में भी कोरोना का विकराल रूप लोगों के जान का दुश्मन बना हुआ है। राज्य में 24 घंटे में 15,121 नए मामले सामने आए वहीं रिकॉर्ड 156 संक्रमितों की मौत हुई है।

यह भी पढ़ें: सरकारी दावों की भोपाल के डॉक्टर ने खोली पोल, कहा, ऑक्सीजन की कमी से मर रहे हैं लोग

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में पिछले 24 घंटे में 13,468 नए मामले सामने आए हैं। यह संख्या अबतक का सर्वाधिक है। इस दौरान 81 लोगों की मौत भी हुई है। उत्तरप्रदेश की बात की जाए तो मंगलवार को यहां 18 हजार 21 पॉजिटिव मामले दर्ज किए गए। राज्य में दर्जनों IAS अधिकारी कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने खुद को आइसोलेट कर लिया है वहीं पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने भी आज अपने संक्रमित होने की जानकारी दी है। मध्यप्रदेश स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक यहां मंगलवार को कुल 8 हजार 998 संक्रमित मरीज मिले हैं।