इंदौर के MY हॉस्पिटल का सर्वर डाउन, ओपीडी पर्ची के लिए घंटों भटकते रहे मरीज
इंदौर के एमवाय अस्पताल में गुरुवार को ओपीडी का सर्वर ठप होने से अफरा-तफरी मच गई। ई सेहत सॉफ्टवेयर बंद होने से घंटे पर्चियां नहीं बनीं और मरीज कतारों में परेशान होते रहे।
इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर स्थित महाराजा यशवंतराव चिकित्सालय (एमवाय हॉस्पिटल) की ओपीडी में गुरुवार को सर्वर खराब होने के कारण मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ा। सुबह करीब 11 बजे तकनीकी समस्या आने के बाद कंप्यूटर से ओपीडी पर्चियां बनना बंद हो गई थी। करीब दोपहर 2 बजे तक व्यवस्था सामान्य नहीं हो सकी थी। जिसकी वजह से अस्पताल में मरीजों की लंबी कतारें और अव्यवस्था की स्थिति बनी रही थी।
एमवाय हॉस्पिटल की ओपीडी में रोजाना बड़ी संख्या में मरीज उपचार के लिए पहुंचते हैं। गुरुवार को भी हजारों मरीज आए थे। सर्वर बंद होने के बाद पर्ची बनवाने के लिए मरीजों को अलग-अलग काउंटरों पर जाना पड़ा था। इस दौरान कई मरीज और उनके परिजन काफी देर तक परेशान होते रहे थे।
यह भी पढ़ें:राज्यपाल मंगूभाई पटेल को हटाने की याचिका MP हाईकोर्ट ने की खारिज, उत्तराधिकारी आने तक पद पर बने रहेंगे
अस्पताल में ओपीडी पर्चियां बनाने के लिए ई सेहत और एचआईएमएस नाम के दो सॉफ्टवेयर का इस्तेमाल किया जाता है। तकनीकी खराबी के चलते ई सेहत पूरी तरह काम करना बंद कर गया था। वहीं, एचआईएमएस के जरिए केवल स्किन, साइकेट्रिक और मेडिसिन विभाग की पर्चियां ही बनाई जा सकी थी। ईएनटी, ऑर्थोपेडिक, बाल रोग, नेत्र रोग और स्त्री एवं प्रसूति रोग विभाग की पर्चियां नहीं बन पाई थी।
सर्वर की समस्या के साथ टोकन सिस्टम का डिस्प्ले बोर्ड भी बंद रहा था। इससे मरीजों को अपनी बारी की जानकारी लेने में भी दिक्कत हुई और ओपीडी की व्यवस्था और ज्यादा प्रभावित हुई थी। अपने दो महीने के बच्चे को जांच के लिए लेकर पहुंचे अब्दुल माजिद ने बताया कि सर्वर खराब होने के कारण उन्हें काफी देर तक परेशानी उठानी पड़ी थी। इसी तरह अक्षय मारुते भी पर्ची नहीं बन पाने और टोकन डिस्प्ले बंद होने के कारण परेशान नजर आए थे।
यह भी पढ़ें:MP के पेट्रोल पंपों पर 2000 रुपए से ज्यादा का UPI भुगतान नहीं होगा, ज्यादा बिल पर करना होगा कैश पेमेंट
बताया गया कि एमवाय हॉस्पिटल की ओपीडी में सर्वर ठप होने की यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी पर्ची काउंटर पर इस्तेमाल होने वाले कंप्यूटरों का सर्वर कई बार बंद हो चुका है। हर बार इसका सीधा असर मरीजों को उठानी पड़ने वाली परेशानी के रूप में सामने आता है। एमवाय हॉस्पिटल के अधीक्षक डॉ. अशोक यादव ने बताया कि सर्वर बंद होने की शिकायत मिली है। उन्होंने माना कि पहले भी इस तरह की समस्या सामने आ चुकी है। उनके अनुसार, समस्या को दोबारा होने से रोकने के लिए जल्द ही इसका स्थायी समाधान निकाला जाएगा।




