जनवरी में रिकॉर्ड बारिश के बावजूद दिल्ली दुनिया का 5वां सबसे प्रदूषित शहर, रविवार को 300 के पार पहुंचा AQI
सुबह करीब आठ बजे दिल्ली का एयर क्वालिटी इंडेक्स 314 था, 300 से अधिक AQI को चिंताजनक माना जाता है

नई दिल्ली। जनवरी महीने में रिकॉर्ड बारिश के बावजूद देश की राजधानी दिल्ली प्रदूषण की चपेट में है। रविवार को दिल्ली दुनिया भर का पांचवां सबसे प्रदूषित रहा। पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय के मुताबिक सुबह करीब आठ बजे दिल्ली का AQI(एयर क्वालिटी इंडेक्स) 314 था।
IQAIR के मुताबिक रविवार सुबह में दिल्ली 170 AQI के साथ दुनिया भर का पांचवां सबसे प्रदूषित शहर था। पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता का AQI 173 था। कोलकाता दुनिया के सबसे प्रदूषित शहरों में चौथे पायदान पर रहा। टॉप पांच प्रदूषित शहरों में भारत से दिल्ली और कोलकाता शामिल रहे।
50 से कम AQI दर्ज किया जाना प्रदूषण के लिहाज से सुरक्षित माना जाता है। जबकि 51 से 100 के बीच रिकॉर्ड किए गए AQI को संतोषजनक माना जाता है। वहीं 300 के आंकड़े के पार AQI दर्ज किए जाने की स्थिति चिंताजनक मानी जाती है।
यह भी पढ़ें : NDRF का ट्विटर हैंडल हैक, तकनीकी टीम ने शुरू की जांच
दिल्ली के यह हालात तब हैं, जब जनवरी महीने में अब तक रिकॉर्ड बारिश दर्ज की गई है। इस महीने में अब तक दिल्ली में 69.8 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है। जो कि 1995 के सबसे अधिक है। इससे पहले 1989 के जनवरी महीने में दिल्ली में 79.7 मिलीमीटर बारिश हुई थी। मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक दिल्ली में बारिश के साथ साथ पश्चिम बंगाल, राजस्थान, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, पंजाब और हरियाणा में व्यापक बारिश होने की संभावना है।