Diwali 2023: देशभर में दिवाली की धूम, पीएम मोदी, राष्ट्रपति मुर्मू और राहुल गांधी ने दी शुभकामनाएं

देशभर में दिवाली का त्योहार हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और राहुल गांधी ने देशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं।

Updated: Nov 12, 2023, 01:14 PM IST

नई दिल्ली। देशभर में आज हर्षोल्लास के साथ दिवाली मनाई जा रही है। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और राहुल गांधी समेत कई नेताओं ने देशवासियों को दिवाली की शुभकामनाएं दी हैं।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को दिवाली के अवसर पर देशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए ट्वीट किया, "यह त्योहार सभी के जीवन में खुशियां लाए। सभी को दिवाली की शुभकामनाएं! यह विशेष त्योहार सभी के जीवन में खुशी, समृद्धि और अद्भुत स्वास्थ्य लाए।"

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने दिवाली के अवसर पर राष्ट्र को शुभकामनाएं देते हुए कहा, "आइए रोशनी के त्योहार को सुरक्षित रूप से मनाएं और पर्यावरण के संरक्षण में योगदान देकर राष्ट्र निर्माण का संकल्प लें। दि‍वाली के शुभ अवसर पर, मैं भारत और विदेश में रहने वाले सभी साथी नागरिकों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं देती हूं।" मुर्मू ने कहा कि द‍िवाली हर्ष और उल्लास का त्यौहार है। 

राष्ट्रपति ने कहा, "यह अंधकार पर प्रकाश, बुराई पर अच्छाई और अन्याय पर न्याय की जीत के प्रतीक के रूप में मनाया जाता है। विभिन्न धर्मों और आस्थाओं के लोग इस त्योहार को मनाते हैं और प्रेम, भाईचारे और सद्भाव का संदेश फैलाते हैं। यह त्योहार दयालुता, सकारात्मकता और समृद्धि का प्रतीक है। यह त्योहार हमारी अंतरात्मा को रोशन करता है और हमें मानवता के कल्याण के लिए काम करने के लिए प्रेरित करता है। एक दीपक कई अन्य दीपकों को रोशन कर सकता है। उसी तरह, हम गरीबों और जरूरतमंदों के साथ अपनी खुशियां साझा करके उनके जीवन में खुशी और समृद्धि ला सकते हैं।"

राहुल गांधी ने लोगों को दिवाली की शुभकामनाएं देते हुए कहा, "सभी को दिवाली की शुभकामनाएं। झूठ, अन्याय और नफरत का अंधेरा दूर हो जाए। हमारा भारत सत्य, न्याय और प्रेम से रोशन हो।"

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे रोशनी के त्योहार दिवाली के अवसर पर देश को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने लिखा, "मेरी और कांग्रेस पार्टी के सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं की ओर से, मैं आपको दिवाली की शुभकामनाएं देता हूं। रोशनी का यह अनूठा त्योहार आपके जीवन में खुशी, शांति और समृद्धि लाए। हमारी एकमात्र इच्छा है कि समाज में प्रेम, भाईचारा, सद्भाव बना रहे, हम सभी अन्याय, अज्ञानता और भेदभाव के खिलाफ लड़ते रहें और आशा का दीपक जलता रहे।"