Dr. Kafeel Khan: परिवार के साथ कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी से मिले डॉ कफील खान

Priyanka Gandhi: कफील खान ने कहा कि कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी से भेंट राजनीतिकि नहीं, यह थी शिष्टाचार भेंट, नहीं होंगे कांग्रेस में शामिल

Publish: Sep 22, 2020, 06:16 PM IST

नई दिल्ली। इलाहाबाद हाईकोर्ट के आदेशानुसार मथुरा जेल से रिहा होने के बाद डॉ कफील खान ने सोमवार को दिल्ली में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी से मुलाकात की। कफील ख़ान के साथ उनकी पत्नी और बच्चे भी मौजूद थे। प्रियंका गांधी से मुलाकात यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू और कांग्रेस के अल्पसंख्यक विभाग के अध्यक्ष शाहनवाज आलम की मौजूदगी में हुई। 

प्रियंका गांधी ने कफील ख़ान से मुलाकात कर उन्हें हर संभव मदद पहुंचाने का वादा भी किया। दरअसल जेल से रिहा होने के बाद कफील ख़ान ने प्रियंका गांधी के समक्ष यूपी सरकार द्वारा फिर से किसी अन्य मामले में जेल में कैद करने की आशंका जताई है। कफील ख़ान का कहना है कि चूंकि राजस्थान में कांग्रेस की सरकार लिहाज़ा वे वहां सुरक्षित रह सकते हैं। उधर प्रियंका गांधी ने कफील ख़ान को हर संभव मदद पहुंचाने का वादा भी किया है। 

कांग्रेस में फिलहाल शामिल नहीं होंगे 

प्रियंका गांधी से मुलाकात के बाद कफील ख़ान ने कांग्रेस में शामिल होने की तमाम अटकलों पर विराम लगा दिया। कफील ख़ान ने कहा कि कांग्रेस महासचिव से भेंट राजनीति से प्रेरित नहीं थी। यह पूर्णतः एक शिष्टाचार भेंट थी। हालांकि कफील खान की रिहाई के लिए कांग्रेस द्वारा चलाए गए अभियान के बाद यह अटकलें लगाई जा रही थीं कि कफील जल्द ही कांग्रेस में शामिल हो सकते हैं। 

ज्ञात हो कि कफील खान को उत्तर प्रदेश सरकार ने सीएए एनआरसी प्रोटेस्ट के दौरान एएमयू में कथित तौर पर भड़काऊ भाषण देने को लेकर रासुका के तहत कार्रवाई करते हुए मथुरा जेल में कैद कर दिया गया था। लेकिन इलाहाबाद हाईकोर्ट ने कफील ख़ान की रिहाई के आदेश दे दिए।