Drug case: कॉमेडियन भारती सिंह गिरफ्तार, गांजा लेने की बात कबूल की

ड्रग्स मामले में कॉमेडियन भारती सिंह को NCB ने गिरफ्तार किया, उनके पति हर्ष से हुई लंबी पूछताछ, भारती ने गांजा लेने की बात स्वीकार की

Updated: Nov 22, 2020, 12:42 AM IST

Photo Courtesy: DNA
Photo Courtesy: DNA

मुंबई। NCB ने टीवी की जानीमानी कॉमेडियन भारती सिंह को ड्रग्स मामले में गिरफ्तार कर लिया है। उनके पति हर्ष से पूछताछ की जा रही है। हर्ष को भी गिरफ्तार किया जा सकता है। भारती के घर से गांजा बरामद हुआ था। पूछताछ में भारती सिंह ने गांजा लेने की बात कबूल की है। शनिवार को नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो ने मुंबई में उनके तीन घरों पर छापेमारी के बाद हिरासत में ले लिया था। 

 NCB के जोनल डायरेक्टर समीर वानखेड़े के मार्गदर्शन में छापे की कार्रवाई की थी। NCB ने बताया है कि एजेंसी द्वारा अंधेरी, लोखंडवाला और वर्सोवा क्षेत्र सहित तीन अलग-अलग स्थानों पर छापा मारा है।   

भारती सिंह एक स्टैंडअप कॉमेडियन और एक्ट्रेस हैं। वे 'द कपिल शर्मा शो' में नजर आती हैं। भारती ने 2017 में राइटर हर्ष लिंबचिया से शादी की। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत इंडियन लाफ्टर चैलेंज से की थी। इसके बाद उन्होंने कई कॉमेडी शो में काम किया किया, जिनमें कॉमेडी सर्कस, कॉमेडी सर्कस महासंग्राम, कॉमेडी सर्कस का जादू, कहानी कॉमेडी सर्कस की और कॉमेडी नाइट्स बचाओ जैसे शो शामिल हैं। वे इन दिनों इंडियाज बेस्ट डांसर में अपने पति के साथ एंकरिंग भी करती नजर आ रही हैं।

गौरतलब है कि सुशांत सिंह राजपूत केस में ड्रग कनेक्शन आने के बाद NCB ने कई फिल्मी कलाकारों से पूछताछ की है। NCB ने सबसे पहले रिया चक्रवर्ती और उनके भाई शोविक चक्रवर्ती को गिरफ्तार किया था। रिया को एक महीने जेल में रहना पड़ा था। वहीं दीपिका पादुकोण, रकुल प्रीत सिंह, सारा अली खान, श्रद्धा कपूर को भी NCB ने भी पूछताछ के लिए बुलाया था और कई घंटों तक पूछताछ की थी। हाल ही में एक्टर अर्जुन रामपाल से भी NCB ने कई घंटे तक पूछताछ की है। अर्जुन की लिव इन पार्टनर गैब्रिएला डेमेट्रिएड्स से भी दो दिनों तक पूछताछ हुई है। कोर्ट ने अर्जुन रामपाल के दोस्त पॉल बार्टेल को 25 नवंबर तक न्यायिक हिरासत में भेजा है।