एयर इंडिया की फ्लाइट में शर्मनाक कांड, नशे में धुत यात्री ने सबके सामने किया शौच-पेशाब

FIR में कहा गया है कि इस दुर्व्यवहार को फ्लाइट के केबिन क्रू ने देखा और बाद में एक मौखिक चेतावनी जारी की गई और यात्री को आसपास के यात्रियों से अलग कर दिया गया।

Updated: Jun 27, 2023, 02:04 PM IST

नई दिल्ली। यात्री विमानों में दुर्व्यवहार की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। हालिया, घटना मुंबई-दिल्ली एयर इंडिया की उड़ान में सामने आई है। दिल्ली पुलिस ने IGI एयरपोर्ट पर एक पुरुष यात्री को कथित तौर पर विमान के अंदर शौच और पेशाब के आरोप में गिरफ्तार किया है।

आरोप है कि यात्री ने फ्लाइट के फर्श पर सारे पैसेंजर्स के सामने ही पैशाब की, शौच किया और फिर थूका। मुंबई से दिल्ली आ रही फ्लाइट के लैंड होते ही आरोपी को दिल्ली पुलिस के हवाले कर दिया गया। आरोपी के खिलाफ केस भी दर्ज किया गया है। हालांकि, उसे कोर्ट से बेल मिल गई है।

यह भी पढ़ें: चुनाव आते-जाते रहेंगे, आप मणिपुर पर ध्यान दीजिए, पीएम मोदी के भोपाल दौरे पर कांग्रेस ने बोला हमला

रिपोर्ट्स के मुताबिक, आरोपी की पहचान राम सिंह के तौर पर हुई है। बीते 24 जून को वो एयर इंडिया की फ्लाइट AIC 866 में मुंबई से दिल्ली की ओर जा रहा था। वह विमान की सीट नंबर 17F पर वो बैठा था। यात्रा के दैरान उसने कथित तौर पर फ्लाइट की 9वीं ‘रो’ के पास शौच किया और थूका। केबिन क्रू ने पहले राम सिंह को मौखिक चेतावनी दी। फिर उसे बाकी यात्रियों से अलग किया गया। आरोपी नशे में था।

फ्लाइट कैप्टन की शिकायत पर, दिल्ली पुलिस ने IGI पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया और आरोपी यात्री को गिरफ्तार कर लिया। उसे अदालत के सामने पेश किया जहां उसे जमानत मिल गई। मामले में आगे की जांच चल रही है। आरोपी के खिलाफ IPC की धारा 294 (अश्लील हरकतें) और 510 (शराबी व्यक्ति द्वारा सार्वजनिक रूप से दुर्व्यवहार) के तहत मामला दर्ज किया गया है।

बता दें कि इस तरह की एक घटना पिछले साल नवंबर में भी सामने आई थी जब न्यूयॉर्क से दिल्ली जाने वाली एयर इंडिया की फ्लाइट में नशे में धुत एक शख्स ने एक महिला सह-यात्री पर कथित तौर पर पेशाब की थी। आरोपी की पहचान मुंबई के शेखर मिश्रा के तौर पर हुई। फिर दिसंबर में एयर इंडिया की पेरिस-नई दिल्ली फ्लाइट में नशे में धुत एक यात्री ने कथित तौर पर महिला यात्री के कंबल पर पेशाब की थी।