हरियाणा के नूंह में श्रद्धालुओं से भरी चलती बस में लगी आग, 10 लोग जिंदा जले, दो दर्जन से अधिक घायल
हादसे में 8 लोग जिंदा जल गए, जिनकी मौके पर ही मौत हो गई। 2 ने अस्पताल में जाकर दम तोड़ दिया।जबकि, 25 से अधिक बुरी तरह झुलस गए।

नूंह। हरियाणा के नूंह में शुक्रवार देर रात कुंडली-मानेसर-पलवल एक्सप्रेस-वे पर श्रद्धालुओं से भरी बस में आग लग गई। हादसे में 8 लोग जिंदा जल गए, जिनकी मौके पर ही मौत हो गई। जबकि, 25 से अधिक बुरी तरह झुलस गए। वहीं, 2 लोगों ने अस्पताल में जाकर दम तोड़ दिया।
घायलों ने बताया है कि बस में 64 लोग सवार थे। ये सभी आपस में रिश्तेदार हैं और पंजाब-चंडीगढ़ के रहने वाले हैं। वे मथुरा-वृंदावन से दर्शन कर लौट रहे थे। बस में सवार पीड़ित श्रद्धालु सरोज पुंज ने बताया कि शुक्रवार-शनिवार की रात वह दर्शन कर वापस लौट रहे थे। देर रात 1:30 बजे के करीब बस में आग की लपटें दिखाई दी। वह आगे की सीट पर बैठी हुई थी। किसी तरह स्थानीय ग्रामीणों की मदद से उन्हें निकाल लिया गया
चलती बस में आग की लपटें देख स्थानीय लोगों ने पुलिस और फायर ब्रिगेड को जानकारी दी। साथ ही खुद भी आग बुझाने का प्रयास किया। फायर ब्रिगेड ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। अभी आग के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस ने अधिकांश घायलों को नूंह के नल्हड़ स्थित मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया है।