पाकिस्तान के लिए जासूसी कर रहा था विदेश मंत्रालय का ड्राइवर, सुरक्षा एजेंसियों ने किया गिरफ्तार

पाकिस्तान को गोपनीय और संवेदनशील जानकारी भेजने के आरोप में ड्राइवर को गिरफ्तार किया गया है। यह मामला हनीट्रैप का माना जा रहा है।

Updated: Nov 19, 2022, 05:48 AM IST

नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने विदेश मंत्रालय के एक ड्राइवर को गिरफ्तार किया है। यह ड्राइवर पाकिस्तान के लिए जासूसी कर रहा था। प्रथम दृष्टया यह हनीट्रैप का मामला माना जा रहा है। दिल्ली पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने संयुक्त कार्रवाई में आरोपी ड्राइवर को जवाहरलाल नेहरू भवन से गिरफ्तार किया है।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक पकड़ा गया ड्राइवर पाकिस्तान की एक महिला जासूस को  विदेश मंत्रालय से जुड़ी जानकारियों को भेज रहा था। वह पूनम शर्मा नाम की जिस महिला के संपर्क में था, वह बताती थी कि वह कोलकाता में रहती है। लेकिन वह महिला पाकिस्तान की ISI की एजेंट है। महिला को उसने कई संवेदनशील और गोपनीय जानकारियां भेज चुका है।

यह भी पढ़ें: इंदौर में राहुल गांधी को बम से उड़ाने की धमकी, कांग्रेस बोली- बीजेपी हर हथकंडे अपना रही है, हम डरने वाले नहीं

आमतौर पर उच्च पदस्थ अधिकारी अक्सर हनी ट्रैप का शिकार हो जाते हैं, लेकिन यह शायद पहली बार है जब पाकिस्तान की ISI ने किसी ड्राइवर को निशाना बनाया है। आरोपी के पास से कुछ लड़कियों की तस्वीर और वीडियो मिले हैं। पुलिस और खुफिया एजेंसी अब ये पता लगाने में जुट गए हैं कि क्या विदेश मंत्रालय का कोई और कर्मचारी भी पाकिस्तान के संपर्क में है? मामले में अभी विदेश मंत्रालय के बयान का इतंजार है।