हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री ओमप्रकाश चौटाला का निधन, 89 साल की उम्र में ली आखिरी सांस
हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री ओमप्रकाश चौटाला के निधन से सियासी जगत में शोक की लहर, गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में ली आखिरी सांस।
गुरुग्राम। हरियाणा की राजनीति से दुखद खबर सामने आ रही है। राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री ओमप्रकाश चौटाला का निधन हो गया। उन्होंने 89 साल की उम्र में गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में आखिरी सांस ली। चौटाला के निधन से सियासी जगत में शोक की लहर दौड़ गई है।
जानकारी के मुताबिक शुक्रवार सुबह वे गुरुग्राम स्थित अपने आवास पर थे। उन्हें अचानक दिल का दौरा पड़ा। जिसके बाद करीब साढ़े 11 बजे उन्हें गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में लाया गया। आधे घंटे बाद दोपहर 12 बजे उन्होंने अंतिम सांस ली। चौटाला 5 बार हरियाणा के मुख्यमंत्री रहे हैं।
ओम प्रकाश चौटाला का जन्म एक जनवरी 1935 को हरियाणा के सिरसा स्थित गांव चौटाला में हुआ था। वे पांच बार हरियाणा के मुख्यमंत्री रह चुके हैं। ओम प्रकाश चौटाला देश के दिग्गज नेताओं में शुमार रहे हैं। वे देश के पूर्व उपप्रधानमंत्री चौधरी देवीलाल की 5 संतानों में सबसे बड़े थे। उनका जन्म 1 जनवरी, 1935 को हुआ।
शुरुआती शिक्षा के बाद ही चौटाला ने पढ़ाई छोड़ दी थी। साल 2013 में शिक्षक भर्ती घोटाले के दौरान जब चौटाला तिहाड़ जेल में बंद थे तब उन्होंने पहले दसवीं और फिर बारहवीं की परीक्षा पास की। बताया जा रहा है कि आज शाम तक उनका पार्थिव शरीर सिरसा स्थित उनके पैतृक गांव चौटाला लाया जाएगा। जहां उसे अंतिम दर्शन के लिए रखा जाएगा। इसके बाद गांव में ही उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।