Gujarat Bridge Collapse: गुजरात के पालनपुर में गिरा निर्माणाधीन पुल, कांग्रेस ने बताया एक्ट ऑफ फ्रॉड

गुजरात के पालनपुर शहर में सोमवार को एक निर्माणाधीन पुल का एक हिस्सा ढह गया। इस घटना में चार लोग मलबे में दब गए। बाद में रिक्शा चालक की मौत हो गई।

Updated: Oct 24, 2023, 10:01 AM IST

पालनपुर। गुजरात के पालनपुर में सोमवार को एक निर्माणाधीन पुल ढह गया। इस हादसे में एक रिक्शा चालक की मौत हो गई। विपक्षी दल कांग्रेस ने इसे एक्ट ऑफ फ्रॉड करार दिया है। पार्टी ने निर्माण कार्य की उच्चस्तरीय जांच की मांग उठाई है।

मजदूर सोमवार को रोजाना की तरह काम कर रहे थे, तभी पुल का एक हिस्सा गिर गया। घटना के बाद वहां पर अफरा-तफरी मच गई। आनन-फानन में घायलों को निकालने का काम शुरू किया गया। इस हादसे में एक ऑटो-रिक्शा चालक सहित तीन लोग मलबे के ढेर के नीचे दब गए थे। जिसमें एक रिक्शा चालक की मौत हो गई।

बनासकांठा के जिलाधिकारी वरुणकुमार बरनवाल ने बताया कि आरटीओ जांच चौकी के पास निर्माणाधीन पुल के खंभों पर हाल ही में लगाए गए छह कंक्रीट स्लैब दोपहर में गिर गए। घटना के एक सीसीटीवी फुटेज में दिख रहा है कि एक व्यक्ति ने पुल के एक हिस्से को दरकते हुए देखा, जिसके बाद उसने बचने के लिए अपने ऑटो रिक्शा को छोड़कर भागने का प्रयास किया लेकिन स्लैब उस पर गिर गया और उसकी मौत हो गई।

कांग्रेस प्रवक्ता रोहन गुप्ता ने इसे एक्ट ऑफ फ्रॉड बताया है। गुप्ता ने ट्वीट किया, 'गुजरात के पालनपुर में निर्माणाधीन पुल ढहा। साहेब यह एक्ट ऑफ गॉड है या एक्ट ऑफ फ्रॉड है। गुजरात के भाजपाई भ्रष्टाचारी मॉडल की यही हकीकत है।'

वहीं, कांग्रेस विधायक जिग्नेश मेवानी ने कहा गुजरात के पालनपुर में जो पुल टूटा उसका CCTV फुटेज सामने आया है। जो व्यक्ति बुरी तरीके से कुचला हुआ दिखाई दे रहा है वो हमारे साथी थे। हमारी तीन मांगे हैं। पहली, तुरंत मामले में FIR दर्ज हो. दूसरी आरोपी की गिरफ्तारी की जाए और तीसरी सच्चे निष्ठावान अधिकारी की अध्यक्षता में एक सीमित समय में जांच पूरी हो।