अगले महीने से दूसरे देशों को वैक्सीन देगा भारत, स्वास्थ्य मंत्री ने एक्सपोर्ट पर रोक हटाने का किया ऐलान

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया ने कहा है कि अबतक भारत में 81 करोड़ डोज दी जा चुकी है, उन्होंने बताया कि भारत अगले महीने से दूसरे देशों को वैक्सीन सप्लाई करना शुरू करेगा

Updated: Sep 20, 2021, 01:34 PM IST

नई दिल्ली। भारत एक बार फिर दूसरे देशों को कोरोना वैक्सीन सप्लाई करेगा। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ मनसुख मंडाविया ने कहा है कि वैक्सीन मैत्री के तहत भारत अगले महीने से पूरी दुनिया की मदद करेगा। उन्होंने कहा है कि अक्टूबर के आखिरी हफ्ते से वैक्सीन निर्माता कंपनियां विदेशों को वैक्सीन भेजना शुरू कर सकेंगी।

स्वास्थ्य मंत्री मंडाविया ने कहा है कि ‘वैक्सीन मैत्री' के तहत सप्लाई में भारत अपने पड़ोसी देशों को प्राथमिकता देगा। उन्होंने कहा है कि कोवैक्स प्रोग्राम के तहत भारत दुनिया को टीके सप्लाई कर वसुधैव कुटुंबकम के ध्येय को पूरा करेगा। हालांकि, उन्होंने यह भी साफ किया है कि यह सबकुछ देश की जरूरतें पूरी करने के बाद ही किया जाएगा। 

यह भी पढ़ें: अज्ञात बीमारी में जकड़ा किसान का परिवार, सूख कर कंकाल बन चुका है शरीर, CM शिवराज ने नहीं की कोई मदद

मंडाविया ने कहा, 'वैक्सीन बनाने वाली कंपनियों के पास जो भी सरप्लस डोज होंगे उन्हें ही बाहर भेजा जाए। हमारी पहली प्राथमिकता भारत के लोगों को टीका लगाने की है। उसके बाद ही देश के बाहर वैक्सीन सप्लाई करने के बारे में सोचा जाएगा।' स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि विभिन्न वैक्सीन निर्माता कंपनियों के माध्यम से अक्टूबर महीने से भारत में 30 करोड़ खुराक से ज्यादा वैक्सीन उपलब्ध होंगे।

स्वास्थ्य मंत्री के मुताबिक केंद्र सरकार दिसंबर तक देश के सभी 94.4 करोड़ वयस्कों को वैक्सीनेट करना चाहती है। इनमें से तकरीबन 61 फीसदी नागरिक ऐसे हैं जो कम से कम एक डोज ले चुके हैं। उन्होंने दावा किया कि भारत के पास अगले तीन महीनों में 100 करोड़ टीकों का स्टॉक हो जाएगा।