लालू यादव की सेहत और बिगड़ी, एयर एंबुलेंस से दिल्ली लाने की तैयारी

राँची में लालू प्रसाद यादव का इलाज कर रहे डॉक्टर उमेश प्रसाद ने कहा, AIIMS में इलाज के लिए एयर एंबुलेंस से दिल्ली लाए जाएंगे लालू प्रसाद यादव, साँस लेने में हो रही है परेशानी

Updated: Jan 23, 2021, 10:56 AM IST

Photo Courtesy: India Today
Photo Courtesy: India Today

रांची। आरजेडी प्रमुख लालू प्रसाद यादव की तबीयत और बिगड़ गई है, जिसके बाद उन्हें एयर एंबुलेंस से दिल्ली लाए जाने का फैसला किया गया है। दिल्ली में उन्हें AIIMS में भर्ती कराया जाएगा। यह जानकारी लालू प्रसाद के डॉक्टर डॉ उमेश प्रसाद ने रांची में पत्रकारों को दी है। बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और आरजेडी प्रमुख लालू यादव का इलाज़ अभी रांची के RIMS में हो रहा है।

इससे पहले झारखंड के आईजी (जेल) बीरेंद्र भूषण ने मीडिया को बताया था कि लालू यादव की सेहत की समीक्षा के लिए एक मेडिकल बोर्ड बनाया गया है, जो अपनी रिपोर्ट तैयार कर रहा है। ये रिपोर्ट जेल अधिकारियों को सौंपी जाएगी, जिसकी समीक्षा के बाद कोई भी फैसला किया जाएगा। 

बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष व लालू यादव के बेटे तेजस्वी यादव ने भी आज सुबह कहा था कि उनके पिता के फेफड़ों में पानी भर गया है और उनकी किडनी 25 फीसदी ही काम कर रही है। तभी से ऐसी खबरें आ रही थीं कि लालू यादव को आज ही दिल्ली शिफ्ट किया जा सकता है।

लालू प्रसाद यादव के स्वास्थ्य की जानकारी मिलने के बाद उनकी पत्नी राबड़ी देवी, बेटे तेजस्वी यादव, तेजप्रताप यादव और बेटी मीसा भारती समेत परिवार के कई सदस्य शुक्रवार की रात ही रांची पहुंच गए थे। परिवार के लोगों ने आज RIMS में उनसे मुलाकात की। मुलाकात के बाद ही तेजस्वी ने बताया था कि आरजेडी नेता के फेफड़ों में संक्रमण चिंता का विषय बना हुआ है। हालांकि राहत की बात यह है कि लालू यादव की दोनों कोरोना रिपोर्ट निगेटिव आई है।

तेजस्वी यादव के मुताबिक उनके पिता के चेहरे पर सूजन है और क्रिएटनिन लेवल भी बढ़ गया है। उन्हें न्यूमोनिया भी है, जो उम्र के लिहाज से काफी चिंता की बात है। गुरुवार को न्यूमोनिया की वजह से ही उन्हें सांस लेने में तकलीफ हो रही थी। तेजस्वी ने कहा कि परिवार के लोग सिर्फ उनका बेहतर इलाज चाहते हैं। लेकिन फिलहाल हम कोई निर्णय लेने की स्थिति में नहीं हैं।

तेजस्वी ने बताया कि परिवार के लोग उनके पिता की सारी जांच रिपोर्ट्स आने का इंतजार कर रहे हैं। रिपोर्ट्स आने के बाद ही आगे का निर्णय लिया जाएगा। इसी बीच बीच रांची जेल के आईजी बीरेंद्र भूषण ने रिम्स प्रबंधन को लालू यादव के स्वास्थ्य की निगरानी के लिए 24 घंटे के अंदर दो डॉक्टर नियुक्त करने को कहा है। बताया जा रहा है कि डॉक्टरों के बोर्ड से रिपोर्ट मिलते ही जेल प्रशासन लोअर कोर्ट से इसकी स्वीकृति लेगा। इसके बाद उन्हें आज ही दिल्ली भेज दिया जाएगा।

लालू यादव की सेहत बिगड़ने की खबर सुनकर रांची रिम्स के बाहर उनके चाहने वालों का हुजूम जुटने लगा। उनकी सलामती के लिए पूरे बिहार में उनके समर्थक दुआएं कर रहे हैं। बिहार के पूर्व सीएम जीतन राम मांझी ने कहा है कि वे लालू यादव की बीमारी बढ़ जाने की खबरों को देखकर चिंतित हैं और उनके जल्द स्वास्थ्य लाभ की कामना करते हैं। चारा घोटाले में दोषी पाए जाने के बाद से लालू यादव रांची जेल में सजा काट रहे हैं। जेल में रहने के दौरान उनकी सेहत में काफी गिरावट आई है। कई बार उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा है।