दिसंबर में हो सकते हैं लोकसभा चुनाव, भाजपा ने बुक कर लिए हैं सारे हेलिकॉप्टर: ममता बनर्जी

देश में लोकसभा चुनाव इसी साल दिसंबर में हो सकते हैं। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने यह दावा करते हुए कहा कि भाजपा ने सारे हेलीकाप्‍टर बुक कर लिए हैं ताकि अन्‍य दल चुनाव प्रचार में उनका इस्‍तेमाल न कर सकें।

Updated: Aug 29, 2023, 12:18 PM IST

कोलकाता। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सोमवार को कहा कि भाजपा इस साल दिसंबर में ही लोकसभा चुनाव करा सकती है। इसके साथ ही उन्होंने दावा किया कि भाजपा ने चुनाव प्रचार के लिए सभी हेलीकॉप्टर पहले से ही बुक कर लिए हैं। ममता बनर्जी तृणमूल कांग्रेस की छात्र इकाई की एक रैली को संबोधित कर रही थीं। उन्होंने आगाह किया कि यदि भाजपा को केंद्र में लगातार तीसरा कार्यकाल मिलता है तो देश को निरंकुश शासन का सामना करना पड़ेगा।

ममता बनर्जी ने कहा, “अगर भाजपा लगातार तीसरी बार केंद्र की सत्ता में लौटती है, तो देश को निरंकुश शासन का सामना करना पड़ेगा। मुझे आशंका है कि वे (भाजपा) दिसंबर 2023 में ही लोकसभा चुनाव करा सकते है। भाजपा ने पहले ही हमारे देश को समुदायों के बीच कटुता वाले देश में बदल दिया है। अगर वे सत्ता में वापसी करते हैं, तो इससे हमारा देश नफरत का देश बन जाएगा।"

उन्होंने कहा, "मुझे आशंका है कि लोकसभा के लिए मतदान इस साल दिसंबर या अगले साल जनवरी तक कराया जा सकता है। बीजेपी के लिए सब कुछ संभव है।" उन्होंने यह भी दावा किया कि केंद्र सरकार भारत के चुनाव आयोग के गठन पर नियंत्रण करने की कोशिश कर रही है। ममता ने कहा, “उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त और चुनाव आयुक्तों की नियुक्ति के लिए बनी समिति से भारत के मुख्य न्यायाधीश का नाम हटा दिया है। वे हर चीज पर एकाधिकार करना चाहते हैं।”

टीएमसी प्रमुख ममता बनर्जी ने कहा कि उनके जीवन का पहला मिशन पश्चिम बंगाल में 34 साल के वाम मोर्चा शासन को समाप्त करना था, जिसे उन्होंने 2011 में हासिल किया था। अब उनका मिशन बीजेपी के शासन को समाप्त करना है और वह इसके लिए मजबूती के साथ काम कर रही हैं।