Loksabha Election 2024: पहली सूची में ही भाजपा ने अपनी हार मान ली है, अखिलेश यादव का तंज

बीजेपी ने आगामी लोकसभा चुनाव के लिए शनिवार को 195 कैंडिडेट की पहली लिस्ट जारी कर दी है। इसे अखिलेश यादव ने भाजपा की नाउम्मीदगी की घोषणा बताया है।

Updated: Mar 03, 2024, 09:40 AM IST

लखनऊ। लोकसभा चुनाव 2024 के लिए भाजपा ने उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी कर दी है। शनिवार को जारी इस लिस्ट 195 प्रत्याशियों के नाम हैं। पीएम मोदी वाराणसी से जबकि राजनाथ सिंह लखनऊ से चुनाव लड़ेगें। इस लिस्ट पर सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव ने निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा की नाउम्मीदगी की घोषणा है।

अखिलेश यादव ने यह भी कहा कि भाजपा ने अपनी हार मान ली है। यादव ने ट्वीट किया, 'भाजपा की लोकसभा उम्मीदवारों की पहली सूची बता रही है कि ‘प्रथम दृष्टया’ जिन सीटों पर भाजपा के जीतने की थोड़ी सी भी संभावना है केवल उन 195 सीटों पर ही ये सूची आई है। इसका मतलब साफ़ है बाकी पर भाजपा साफ़ है।' 

यादव ने आगे लिखा, 'पहली सूची में ही भाजपा ने अपनी हार मान ली है क्योंकि वो बगावत के डर से उन लोगों को भी दुबारा उम्मीदवार बना रही है जो अपने-अपने संसदीय क्षेत्रों में कोई काम नहीं करवाने की वजह से या फिर भ्रष्टाचार में लिप्तता के कारण ख़ुद ही अपनी टिकट के लिए कोई उम्मीद नहीं कर रहे थे। जो बोरिया-बिस्तर बांध कर निकलना चाहते थे उन्हें दुबारा दबाव बनाकर लड़ने के लिए कहा जा रहा है। ये अनमने लोग क्या विपक्ष का सामना करेंगे।'

अखिलेश यादव आगे लिखते हैं कि, 'भाजपा के कार्यकर्ताओं के बीच भी इस सूची के आने से गहरी हताशा है क्योंकि वो जनता के बीच अपने अधिकांश सासंदों के ख़िलाफ़ चल रही हवा से वाक़िफ़ हैं। जो युवा भाजपाई टिकट की उम्मीद में भाजपा के हर गलत काम में साथ दे रहे थे, वो भी निराश होकर, निष्क्रिय हो जाएंगे। भाजपा की उम्मीदवारों की सूची, भाजपा की नाउम्मीदगी की घोषणा है।'