Loksabha Elections: BJP ने जारी की 195 उम्मीदवारों की पहली सूची, वाराणसी से पीएम मोदी होंगे उम्मीदवार

उत्तर प्रदेश के 51, बंगाल के 20, MP के 24 सीट, गुजरात और राजस्थान के 15, केरल के 12, तेलंगाना 9, असम, झारखंड और छत्तीसगढ़ के 11, दिल्ली के 5, जम्मू कश्मीर के 2 और उत्तराखंड के 3 सीटों पर उम्मीदवारों के नाम घोषित।

Updated: Mar 02, 2024, 07:19 PM IST

नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव 2024 के लिए भाजपा ने उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी कर दी है। शनिवार को जारी इस लिस्ट 195 प्रत्याशियों के नाम हैं। पीएम मोदी वाराणसी से जबकि अमित शाह गांधीनगर से चुनाव लड़ेगें। इस लिस्ट में दो पूर्व मुख्यमंत्रियों को टिकट दिया गया है। इनमें 28 महिलाएं, 47 युवा, 27 एससी, 18 एसटी और 57 ओबीसी प्रत्याशी शामिल हैं।

भाजपा ने पहली सूची में उत्तर प्रदेश के 51, बंगाल के 20, MP के 24, गुजरात और राजस्थान के 15, केरल के 12, तेलंगाना के 9, असम, झारखंड और छत्तीसगढ़ के 11, दिल्ली के 5, जम्मू कश्मीर के 2 और उत्तराखंड के 3, अरुणाचल की 2, गोवा की 1, त्रिपुरा की 1, अंडमान की 1, दमन और दीव की 1 सीट पर उम्मीदवारों के नाम घोषित किए हैं।

बीजेपी की लिस्ट में कई बड़े चेहरे भी शामिल है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह लखनऊ से उम्मीदवार बनाए गए हैं। पार्टी ने मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को विदिशा सीट से लोकसभा चुनाव में उतारा है। ज्योतिरादित्य सिंधिया को गुना सीट से उतारा गया है। मनोज तिवारी को भी पार्टी की तरफ से टिकट मिल गया है। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को भी लोकसभा चुनाव का टिकट मिला है।

पार्टी ने मथुरा सीट से हेमा मालिनी को एक बार फिर मैदान में उतारा है। पार्टी के बड़बोले नेता निशिकांत दुबे एक बार फिर गोड्डा सीट से चुनाव में उतरेंगे। केंद्रीय कृषि मंत्री अर्जुन मुंडा को खुंटी लोकसभा सीट से टिकट मिला है। पार्टी ने नयी दिल्ली से केंद्रीय मंत्री मीनाक्षी लेखी की जगह पूर्व केंद्रीय मंत्री सुषमा स्वराज की बेटी बांसुरी स्वराज को टिकट दिया है।