Loksabha elections: स्वास्थ्य, रोजगार और सामाजिक सुरक्षा, मजदूरों के लिए कांग्रेस की पांच गारंटी

कांग्रेस ने कहा है कि केंद्र में सरकार बनने पर स्वास्थ्य का अधिकार कानून बनाकर सभी के लिए मुफ्त जांच, दवा और इलाज की व्यवस्था की जाएगी।

Updated: Mar 18, 2024, 03:03 PM IST

नई दिल्ली। देश में लोकसभा चुनाव की रणभेरी बज चुकी है। सभी पार्टी के नेता चुनावी तैयारियों में जुट गए हैं। कांग्रेस ने देश के युवाओं, किसानों और महिलाओं के बाद अब श्रमिकों के लिए न्याय की पांच गारंटी का ऐलान किया है। इसके तहत उन्हें स्वास्थ्य, रोजगार और सामाजिक सुरक्षा कि गारंटी दी जाएगी।

कांग्रेस की पांच गारंटी
1. स्वास्थ्य अधिकार: ‘स्वास्थ्य का अधिकार’ कानून बनाकर सभी के लिए मुफ्त जांच, दवा और इलाज।

 2. श्रम सम्मान: राष्ट्रीय न्यूनतम वेतन ₹400 प्रति दिन, मनरेगा मज़दूर भी शामिल।

 3. शहरी रोज़गार गारंटी कानून: शहरों में इंफ्रास्ट्रक्चर और क्लाइमेट चेंज पर फोकस से रोज़गार के नए अवसरों का सृजन।

 4. सामाजिक सुरक्षा : असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों के लिए जीवन और दुर्घटना बीमा सहित सामाजिक सुरक्षा।

5.सुरक्षित रोज़गार: मोदी सरकार के श्रमिक-विरोधी कानून की समीक्षा, महत्वपूर्ण सरकारी कार्यों में कॉन्ट्रैक्ट पर काम बंद, निजी क्षेत्र के कॉन्ट्रैक्ट श्रमिकों को सामाजिक सुरक्षा।

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने इन गारंटियों का ऐलान करते हुए कहा कि श्रमिक भाइयों और बहनों! कांग्रेस की यह 5 गारंटियां आपके जीवन से जोखिम और असुरक्षा खत्म कर एक सुरक्षित भविष्य देंगी। भारत बनाने वालों को उनका हक़ दिलाकर कांग्रेस राष्ट्रनिर्माण की नींव मजबूत करेगी। आर्थिक रूप से सक्षम और सामाजिक सुरक्षा प्राप्त श्रमिक, उत्पादन में क्रांति और आर्थिक गतिविधियों में तेजी लाएंगे।मज़बूत मज़दूर देश की ताकत बनेगा।