दिवाली से पहले सरकार ने फोड़ा महंगाई का पटाखा, 265 रुपए महंगा हुआ LPG सिलेंडर

नवंबर महीने की शुरुआत भी धमाकेदार महंगाई के साथ हुई है, महीने के पहले दिन एलपीजी सिलेंडर पर महंगाई बम फूटा है, LPG सिलेंडर की कीमतों में 265 रुपए की भारी बढ़ोतरी हुई है

Updated: Nov 01, 2021, 06:01 AM IST

Photo Courtesy: Timesnow
Photo Courtesy: Timesnow

नई दिल्ली। दिवाली से पहले सरकार ने एक बार फिर महंगाई का पटाखा फोड़ा है। महंगाई का यह पटाखा एलपीजी सिलेंडर पर फूटा है। एलपीजी सिलेंडर के दामों में आज से 265 रुपए की बढ़ोतरी हुई है। हालांकि, राहत की बात ये है कि घरेलू एलपीजी सिलेंडर के दाम में कोई बदलाव नहीं हुआ है। यह बढ़ोतरी कमर्शियल सिलेंडर में हुई है।

देश के सरकारी तेल कंपनी इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन (IOC) ने एक झटके में 19 किलोग्राम का गैस सिलेंडर का दाम 265 रुपए बढ़ा दिया। दाम में बढ़ोतरी के बाद अब राष्ट्रीय राजधानी में कमर्शियल सिलेंडर 2000 रुपये के पार पहुंच गया है। इससे पहले यह 1733 रुपये का था। अब यह 2000.50 रुपए में मिल रहा है।

यह भी पढ़ें: हर चीज़ फ्री में नहीं दे सकती सरकार, थोड़ी महंगाई भी करें स्वीकार: महेंद्र सिंह सिसोदिया

पिछले पांच महीनों में कमर्शियल सिलेंडर के रेट में 5 सौ रुपए से ज्यादा की वृद्धि हो चुकी है। 1 जून 2021 तक दिल्ली में 1473.5 रुपए में सिलेंडर मिलते थे। 1 नवंबर को इस सिलिंडर के लिए 2000.5 रुपए खर्च पड़ रहे हैं। मुंबई में कमर्शियल गैस के रेट 1950 रुपए हो गए है, पहले 1685 रुपए थे। वहीं कोलकाता में इसके भाव 268 रुपए बढ़कर 2073.5 रुपए तक जा पहुंचे हैं, जो पहले 1805.50 रुपए था।

नवंबर के पहले दिन पेट्रोल-डीजल की महंगाई से भी जनता को सामना करना पड़ा है। आज लगातार छठे दिन पेट्रोल-डीजल के कीमतों में बढ़ोतरी हुई है। छह दिनों में 35-35 पैसे बढ़कर दिल्ली में तेल 1.90 रुपये महंगा हो गया है। इस साल जनवरी से लेकर अब तक राजधानी दिल्ली में पेट्रोल 25.98 रुपये और डीजल 35.82 रुपये महंगा हो चुका है। मध्य प्रदेश के सीमावर्ती अनूपपुर जिले में पेट्रोल की कीमत 121 रुपये प्रति लीटर को पार पहुंच गई है। जबकि डीजल 110 रुपये प्रति लीटर के पार बिक रहा है।