लखनऊ में बड़ा हादसा, दीवार गिरने से 3 बच्चों समेत 9 की मौत, दीवार के सहारे झोपड़ी लगाकर रह रहे थे मजदूर

लखनऊ के दिलकुशा इलाके में भारी बारिश के कारण मकान की दीवार गिरने से 9 लोगों की मौत। मरने वालों में 3 पुरूष, 3 महिलाएं और 3 बच्चे शामिल हैं। हादसे में 2 लोग घायल हुए हैं।

Updated: Sep 16, 2022, 09:25 AM IST

लखनऊ। लखनऊ के दिलखुश इलाके में शुक्रवार तड़के सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। तीन दिनों से हो रही लगातार बारिश के कारण आर्मी एन्क्लेव की दीवार गिर गयी। इस हादसे में 9 लोगों की मौत हो गई जबकि दो लोग घायल हो गए। घायलों को सिविल हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। मरने वालों में 3 पुरुष, 3 महेलाएं, और 3 बच्चे शामिल हैं।

DM सूर्यपाल गंगवार ने बताया कि सभी मृतक और घायल झांसी जिले के पचवारा के रहने वाले थे। गंगवार के मुताबिक सभी मृतक मजदूर हैं। वे कैंट एरिया में आर्मी कैंपस की नई बाउंड्रीवाल के निर्माण कार्य में लगे थे। वे पुरानी दीवार के सहारे झोपड़ी में रह रहे थे। रात को जब वे सो रहे थे तब अचानक दीवार गिर  गयी। घटना की सुचना मिलते ही आर्मी ने रेस्क्यू शुरू कर दिया था।

सिवल हॉस्पिटल के डायरेक्टर आनंद ओझा ने बताया कि उन्हें सुबह करीब 7 बजे लाया गया था। हालांकि, तब तक सबकी मौत हो गई थी। दोनों घायलों को खतरे से बाहर बताया जा रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस घटना को लेकर दुःख जताया है। सीएम योगी ने मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये मुआवजा देने का ऐलान किया है। उधर भारी बारिश की वजह से लखनऊ में 12वीं कक्षा तक के स्कूल आज बंद कर दिए गए हैं।