केंद्र सरकार ने किए अफ़सरों के तबादले, ऊर्जा और जल शक्ति समेत चार विभागों के सचिव बदले

आदिवासी मामलों के मंत्रालय के सचिव दीपक खांडेकर को कार्मिक एवं प्रशिक्षण मंत्रालय (DoPT) का सचिव नियुक्त किया गया है

Updated: Jan 24, 2021, 06:49 AM IST

Photo Courtesy: NCSA
Photo Courtesy: NCSA

नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने अपने कई बड़े अफसरों के तबादले किए हैं। कई मंत्रालयों के अफसरों में फेरबदल हुए हैं। कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग ने कई मंत्रालयों में सचिवों के स्तर पर फेरबदल का आदेश जारी किया है। 1986 बैच के आईएएस ऑफिसर आलोक टंडन को उत्खनन (Mines) विभाग में सचिव नियुक्त किया गया है। आलोक टंडन फिलहाल उत्तर प्रदेश कैडर में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। 

उपेंद्र सिंह को वस्त्र मंत्रालय का सचिव नियुक्त किया गया है। इससे पहले उपेंद्र सिंह जलशक्ति मंत्रालय में सचिव के तौर पर अपनी सेवा दे रहे थे। जलशक्ति मंत्रालय में उपेंद्र सिंह की जगह पंकज कुमार को पदस्थ किया गया है। पंकज कुमार इससे पहले यूनीक आइडेंटिफिकेशन अथॉरिटी ऑफ इंडिया (Unique Identification Authority Of India) में तैनात थे।

वरिष्ठ अधिकारी आलोक कुमार को ऊर्जा मंत्रालय का सचिव नियुक्त किया गया है। आलोक कुमार 1988 बैच के अधिकारी हैं। फिलहाल वे उत्तर प्रदेश कैडर में अपनी सेवा दे रहे हैं। वहीं आदिवासी मामलों के सचिव दीपक खांडेकर कोकार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग (DoPT) का सचिव बनाया गया है।