महाराष्ट्र में ग्लव्स की फैक्ट्री में लगी भीषण आग, 6 लोगों की मौत

फैक्ट्री में काम करने वाले वर्कर ने बताया कि जब आग लगी, तब फैक्ट्री बंद थी। 10-15 वर्कर्स फैक्ट्री में सो रहे थे। आग लगने के बाद कुछ वर्कर्स बाहर निकलने में कामयाब रहे।

Updated: Dec 31, 2023, 10:44 AM IST

महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर में एक फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। इस हादसे में 6 लोगों की मौत हो गई। अधिकारियों ने हादसे की जानकारी देते हुए बताया कि रविवार तड़के छत्रपति संभाजीनगर में एक ग्लव्स बनाने वाली फैक्ट्री में भीषण आग लग गई।

अग्निशमन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, वालुज एमआईडीसी (MIDC) क्षेत्र में स्थित फैक्ट्री में रात के करीब 02:15 बजे आग लगी। एक अग्निशमन अधिकारी मोहन मुंगसे ने कहा, 'हमें सुबह 2:15 बजे एक कॉल मिली। जब हम घटना स्थल पर पहुंचे, तो पूरी फैक्ट्री में आग लगी हुई थी। स्थानीय लोगों ने हमें बताया कि छह लोग अंदर फंसे हुए थे। हमारे अधिकारी अंदर गए और छह लोगों के शव बरामद किए गए हैं।'

फैक्ट्री में काम करने वाले वर्कर ने बताया कि जब आग लगी, तब फैक्ट्री बंद थी। 10-15 वर्कर्स फैक्ट्री में सो रहे थे। आग लगने के बाद कुछ वर्कर्स बाहर निकलने में कामयाब रहे। आग लगने के बाद इलाके में अफरातफरी मच गई। आग की ऊंची लपटें देखकर तुरंत फायर ब्रिगेड को फोन किया गया। आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है।