भारत लौटा अरुणाचल से लापता हुआ युवक, चीनी सेना ने युवक को किया भारत के हवाले

किरण रिजिजू ने युवक के भारत लौटने की जानकारी साझा की, साथ ही रिजिजू ने युवक की वतन वापसी के लिए भारतीय आर्मी का शुक्रिया अदा किया

Updated: Jan 27, 2022, 09:17 AM IST

नई दिल्ली। अरुणाचल प्रदेश से लापता हुआ भारतीय युवक Miram Taron की वतन वापसी हो गई है। गुरुवार को चीनी सेना ने युवक को भारतीय सेना के हवाले कर दिया। खुद केंद्रीय मंत्री किरण रिजिजू ने इस बात की जानकारी अपने ट्विटर हैंडल पर साझा की। इसके साथ ही उन्होंने भारतीय आर्मी का शुक्रिया भी अदा किया। 

चीनी सेना ने गुरुवार को Miram Tarom को अरुणाचल प्रदेश के Wacha Damai मीटिंग प्वाइंट पर भारतीय सेना के हवाले कर दिया। केंद्रीय मंत्री किरण रिजिजू ने भारतीय युवक की वतन वापसी पर खुशी जाहिर करते हुए भर्ती आर्मी को युवक की वापसी सुनिश्चित करने के लिए किए गए प्रयासों के लिए शुक्रिया भी अदा किया।

बुधवार को किरण रिजिजू ने ही इस बात की जानकारी दी थी कि युवक की वतन वापसी के लिए चीनी सेना राज़ी हो गई है। चीनी सेना को युवक की पहचान प्रमाणित करने के लिए दस्तावेज मुहैया कराए गए हैं। जल्द ही चीनी सेना युवक को भारतीय सेना के हवाले कर देगी। चीनी सीमा में खराब मौसम के चलते युवक की वतन वापसी में देरी हो रही है।

यह भी पढ़ें : अरुणाचल से लापता हुए युवक को जल्द रिहा कर सकती है चीनी सेना, किरण रिजिजू ने दी जानकारी

इस पूरे मामले में रिजिजू ने भारतीय सेना के प्रयासों के बारे में जानकारी देते हुए कहा था कि भारतीय सेना ने युवक को खोजने के लिए 19 जनवरी को ही चीनी सेना से संपर्क साधा था। इसके ठीक अगले दिन 20 जनवरी को चीनी सेना ने युवक के मिलने की जानकारी दी। जिसके बाद युवक की वतन वापसी के लिए कागज़ी कार्रवाई शुरू की गई।